क्रिकेट

सुनील गावस्कर ने पूरा किया अपना वादा, स्वास्थ्य से जूझ रहे विनोद कांबली को दी बड़ी आर्थिक मदद

Sunil Gavaskar gives financial help to Vinod Kambli: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने स्वास्थ्य से जूझ रहे पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली को किया वादा पूरा किया है। गावस्कर ने कांबली को बड़ी आर्थिक सहायता मुहैया कराई है।

Image

विनोद कांबली और सुनील गावस्कर (Instagram)

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज विनोद कांबली (Vinod Kambli) पिछले कुछ सालों से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। दिसंबर में उन्हें मूत्र संक्रमण और ऐंठन के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 1 जनवरी को दो सप्ताह तक अस्पताल में रहने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। उन्होंने कहा था कि वह आर्थिक तंगी से गुजर रहे थे। अब खबर है कि पूर्व दिग्गज भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) ने कांबली को बड़ी आर्थिक सहायता मुहैया कराई है।

सुनील गावस्कर ने वादा किया था कि वो कांबली, जो उनके बेटे की तरह हैं, की मदद जरूर करेंगे। गावस्कर ने अब अपना वादा पूरा किया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सुनील गावस्कर अपने CHAMPS फाउंडेशन के जरिए विनोद कांबली की मदद के लिए आगे आए थे। यह संगठन उन पूर्व अंतरराष्ट्रीय खेल हस्तियों की मदद करता है, जिन्हें आर्थिक मदद की जरूरत होती है। 1 अप्रैल से विनोद कांबली को उनके जीवित रहने तक हर महीने 30,000 रुपये की सहायता मिलेगी।

इंडिया टुडे से बातचीत में सुनील गावस्कर ने कहा था कि वह और 1983 विश्व कप विजेता टीम युवा खिलाड़ियों को लेकर बहुत सचेत हैं, जिनमें से कुछ उनके बेटे और पोते जैसे हैं। इसके बाद उन्होंने वादा किया कि वे विनोद कांबली का ख्याल रखना चाहते हैं और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद करना चाहते हैं। गावस्कर ने कहा था, "1983 की टीम युवा खिलाड़ियों को लेकर बहुत सचेत है। मेरे लिए, वे पोते जैसे हैं। अगर आप उनकी उम्र देखें, तो उनमें से कुछ बेटे जैसे हैं। हम सभी बहुत चिंतित हैं, खासकर जब किस्मत उनका साथ छोड़ देती है। मुझे मदद शब्द पसंद नहीं है। 83 की टीम जो करना चाहती है, वह उनका ख्याल रखना है। हम विनोद कांबली का ख्याल रखना चाहते हैं और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद करना चाहते हैं। हम भविष्य में क्या करेंगे, यह हम देखेंगे। हम उन क्रिकेटरों का ख्याल रखना चाहते हैं जो किस्मत के साथ संघर्ष कर रहे हैं।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article