Sri Lanka Test Captain Quits Captaincy: श्रीलंका के टेस्ट कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने गुरुवार को तुरंत प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि अब "अगली पीढ़ी को ज़िम्मेदारी सौंपने" का समय आ गया है। 35 साल के डी सिल्वा ने 69 टेस्ट मैच खेले हैं और 13 शतकों समेत 4,400 से ज़्यादा रन बनाए हैं। हालांकि, वह एक खिलाड़ी के तौर पर टीम में चुने जाने के लिए उपलब्ध रहेंगे।
जनवरी 2024 में टेस्ट कप्तान बने धनंजय डी सिल्वा ने श्रीलंका क्रिकेट की सिलेक्शन कमिटी को एक पत्र लिखकर अपना फैसला बताया। श्रीलंका की सिलेक्शन कमिटी को लिखे पत्र में डी सिल्वा ने कहा, "मेरी सच्ची राय है कि ज़िम्मेदारी अगली पीढ़ी को सौंपी जानी चाहिए।"
श्रीलंका क्रिकेट के CEO एशले डी सिल्वा ने टेस्ट क्रिकेट में धनंजय डी सिल्वा के योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, "श्रीलंका क्रिकेट उनके बाकी करियर के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता है और हमारी टेस्ट टीम को दी गई उनकी लीडरशिप के लिए उन्हें धन्यवाद देता है।"
दिमुथ करुणारत्ने से कप्तानी संभालने के बाद डी सिल्वा ने 18 टेस्ट मैचों में श्रीलंका की कप्तानी की। टीम इनमें से सात मैच जीतने में सफल रही।
कप्तान के तौर पर उन्होंने 36.45 की औसत से 1130 रन बनाए और नौ विकेट भी लिए।
गौरतलब है कि श्रीलंका क्रिकेट टीम इस समय मुश्किल दौर से गुजर रही है और लंबे समय से उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में कोई प्रभावी सीरीज जीत दर्ज नहीं की है। खबरों के मुताबिक अब श्रीलंका क्रिकेट कुछ बड़े बदलाव करने के पक्ष में है और सेलेक्शन कमिटी भी आने वाले दिनों में टीम चुनने में कुछ नए नामों की एंट्री करा सकता है। आमतौर पर देखा गया है कि श्रीलंका क्रिकेट की चयन समिति अपने घरेलू किकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे युवा खिलाड़ियों को भी सीधे प्रमोट करते हुए राष्ट्रीय टीम में एंट्री दे देती है।
