क्रिकेट

T20I tri-series PAK vs SL: पाकिस्तान को रौंदकर श्रीलंका ने की त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में एंट्री

श्रीलंका ने गुरुवार को मेजबान पाकिस्तान को त्रिकोणीय सीरीज के आखिरी लीग मुकाबले में 6 रन के करीबी अंतर से मात देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। फाइनल में शनिवार को उसकी पाकिस्तान से भिड़ंत होगी। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।

Pakistan vs Sri Lanka

पाकिस्तान बनाम श्रीलंका(फोटो क्रेडिट @OfficialSLC X)

रावलपिंडी: श्रीलंका ने गरुवार को रावलपिंडी में खेले गए त्रिकोणीय टी20 सीरीज के छठे और आखिरी लीग मुकाबल में मेजबान पाकिस्तान को 6 रन के अंतर से मात देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। जहां पाकिस्तान के खिलाफ ही उसकी खिताबी भिंड़ंत शनिवार को रावलपिंडी में होगी।श्रीलंका की यह टूर्नामेंट में दूसरी जीत थी। श्रीलंका की जीत के साथ ही जिंबाब्वे का सीरीज में सफर खत्म हो गया है। दासुन शनाका की कप्तानी वाली श्रीलंकाई टीम ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 184 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद जीत के लिए 185 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम सलमान अली आगा की अर्धशतकीय पारी के बावजूद 20 ओवर में 7 विकेट पर 178 रन बना सकी।

खराब शुरुआत के बाद मिशरा और मेंडिस ने मचाया धमाल

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया।श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। तीसरे ओवर की पहली गेंद पर पथुम निसंका 8 रन बनाकर सलमान मिर्जा की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद पारी को कामिल मिशरा और कुसल मेंडिस ने संभाला। दोनों टीम को 8 ओवर में 82 रन तक ले गए। लेकिन नौवें ओवर की पहली गेंद पर मेंडिस को अबरार अहमद ने एलबीडब्लू कर दिया। उन्होंने 40(23) रन बनाए। निसंका के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए कुसल परेरा ने 6(8) रन बनाकर सैम अयूब की गेंद पर कैच दे बैठे।

श्रीलंका ने बनाए 5 विकेट पर 184 रन

श्रीलंका ने 96 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में जनिथ लियानागे और कामिल मिशरा ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों टीम को 150 रन के पार ले गए। मिसरा ने इस दौरान अपना अर्धशतक 34 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। श्रीलंका ने 16.2 ओवर में 150 रन पूरे कर लिए। 153 के स्कोर पर मिशरा अबरार अहमद की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने 76(48) रन बनाए। अंत में कप्तान दसुन शनाका और लियानागे टीम को 20 ओवर में 5 विकेट पर 184 रन तक ले जाने में सफल रहे। लियानागे 24(24) रन बनाकर नाबाद रहे और शनाका पारी की आखिरी गेंद पर 17(10) रन बनाकर रन आउट हो गए। पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट अबरार अहमद ने लिए। एक-एक सफलता सलमान मिर्जा और सैम अयूब को मिली।

खराब रही पाकिस्तानी टीम की शुरुआत, 43 रन पर गंवाए 4 विकेट

जीत के लिए 185 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत खराब रही। 43 रन पर पाकिस्तान ने चार विकेट गंवा दिए थे। साहिबजादा फरहान(9), बाबर आजम(0), सैम अयूब(27) और फखर जमां (1) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। चार में से तीन विकेट दुष्मंथा चमीरा ने चटकाए और एक सफलता इशान मलिंगा को मिली।

सलमान आगा ने खेली कप्तानी पारी

ऐसी स्थिति में कप्तान सलमान अली आगा ने उस्मान खान के साथ मोर्चा संभाला और टीम को 99 रन तक ले गए। लेकिन 100 का आंकड़ा छूने से पहले पाकिस्तान ने पांचवां विकेट उस्मान खान के रूप में गंवा दिया। उस्मान 33(23) रन की पारी खेलकर वनिंदु हसरंगा की फिरकी में फंस गए। इसके बाद मोहम्मद नवाज ने कप्तान का साथ दिया। दोनों टीम को जीत के करीब ले गए लेकिन 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर नवाज को मलिंगा ने चलता कर दिया। 169 रन पर पाकिस्तान ने छठा विकेट गंवा दिया।

जीत के लिए अंतिम 10 गेंद में 16 रन नहीं बना पाया पाकिस्तान

जीत के लिए उसे अब 10 गेंद में 16 रन बनाने थे। फहीम अशरफ और सलमान आगा ऐसा नहीं कर सके। 20वें ओवर की पाचवीं गेंद पर फहीम को चमीरा ने कप्तान शनाका के हाथों कैच करा दिया और पाकिस्तान की जीत की संभवनाओं को खत्म कर दिया। अंतिम गेंद पर बल्लेबाजी करने आए मोहम्मद वसीम अपना खाता भी नहीं खोल सके और पाकिस्तान ने 6 रन के अंतर से मैच गंवा दिया। कप्तान आगा 44 गेंद में 63 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा चार विकेट दुष्मंथा चमीरा ने लिए। 20 रन देकर 4 विकेट चटकाने के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इनके अलावा 2 विकेट इशान मलिंगा और वनिंदु हसरंगा के खाते में गया।

क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर। क्रिकेट (Sports News) ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat Sports से।

लेटेस्ट न्यूज

नवीन चौहान
नवीन चौहान Author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article