क्रिकेट

IND vs SA Test Series 2025: भारत के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज की पिचों लेकर दक्षिण अफ्रीकी कप्तान ने दिया बड़ा बयान

भारत के खिलाफ नवंबर में होने वाली दो मैच की टेस्ट सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा ने पिचों को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। जानिए उन्होंने इस बारे में क्या कहा?

Image

टेम्बा बावुमा

Photo : AP

मुंबई: दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा को अगले महीने भारत में दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के दौरान ‘टर्निंग’ विकेट मिलने की उम्मीद है हालांकि शुभमन गिल की कप्तानी में मेजबान टीम ने संतुलित पिच पर खेलने में रुचि दिखाई है। अतीत में विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप चक्र में भारत ने टर्निग पिच पर खेलने पर जोर दिया है लेकिन गिल ने कहा कि वह ऐसी विकेट पर खेलना चाहते हैं जिनसे बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को मदद मिले।

भारत के खिलाफ खेलने हैं दो टेस्ट मैच

विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के गत चैम्पियन दक्षिण अफ्रीका को भारत में कोलकाता (14 से 18 नवंबर) और गुवाहाटी (22 से 26 नवंबर) में दो टेस्ट खेलने हैं। बावुमा ने सीएट क्रिकेट रेटिंग पुरस्कारों के दौरान मीडिया से कहा,'भारत में स्पिनरों की मददगार पिच होंगी। अगर ऐसा हुआ तो हमें कोई हैरानी नहीं होगी। आजकल टीमें अपने अनुकूल पिच तैयार कराती हैं, खासकर डब्ल्यूटीसी को देखते हुए। मेरा अनुभव यही रहा है कि यहां के हालात में भारतीय स्पिनरों की गेंदबाजी और विदेशी स्पिनरों की गेंदबाजी में फर्क होता है। विदेशी स्पिनरों के लिये हालात के अनुरूप ढलने की चुनौती होती है। वे या तो तेज गेंद डालते हैं या सपाट।'

भारत के कठिन दौरे के लिए हैं तैयार

बावुमा ने कहा कि वह भारत के कठिन दौरे के लिये तैयार हें और 2024-25 सत्र में न्यूजीलैंड को 3-0 से मिली जीत से प्रेरणा लेंगे। उन्होंने कहा,'भारत दौरा कभी आसान नहीं होता। लेकिन न्यूजीलैंड ने जिस तरह का प्रदर्शन किया, वह काफी प्रेरणास्पद है। भारत दौरे पर कई टीमों को सफलता नहीं मिली है। मैं केन विलियसन से टिप्स जरूर लूंगा।'

भारतीय क्रिकेट के नए दौर की हो चुकी है शुरुआत

उन्होंने यह भी कहा कि भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली अपना काम बखूबी कर चुके हैं और अब गिल की कप्तानी में नयी पीढ़ी पर भारतीय टेस्ट टीम को आगे ले जाने का जिम्मा है। उन्होंने कहा,'नये दौर की शुरुआत हो चुकी है। रोहित और कोहली अपना काम कर चुके हैं। उन्होंने भारत का दबदबा विश्व क्रिकेट में बनाया और मुझे यकीन है कि आगे भी भारत इसी कोशिश में होगा। हमारा काम है कि हम उन्हें दबदबा नहीं बनाने दें।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article