क्रिकेट

SMAT 2025: मोहम्मद शमी ने सेना के खिलाफ चार विकेट चटकाकर सेलेक्टर्स को भेजा संदेश, हार्दिक ने भी की शानदार वापसी

मोहम्मद शमी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सेना के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए और चयनकर्ताओं को एक बार फिर टीम इंडिया में वापसी के लिए संदेश भेज दिया।

Image

मोहम्मद शमी (फोटो क्रेडिट CAB X)

हैदराबाद: भारतीय टीम से बाहर चल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के 13 रन पर चार विकेट से बंगाल ने गुरुवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप सी मैच में सेना को सात विकेट से हरा दिया। यह बंगाल की पांच मैच में चौथी जीत है और अभिमन्यु ईश्वरन की अगुआई वाली टीम 16 अंक के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। टीम ने इसके साथ ही नॉकआउट में जगह बनाने का अपना दावा मजबूत कर दिया है।

शमी ने चटकाए 13 रन देकर 4 विकेट, बने प्लेयर ऑफ द मैच

आईपीएल नीलामी में उतर रहे ईश्वरन ने 37 गेंद में 58 रन की पारी खेलने के अलावा अभिषेक पोरेल (29 गेंद में 56 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 93 रन जोड़े जिससे बंगाल ने 166 रन के लक्ष्य को 15.1 ओवर में ही हासिल कर लिया। इससे पहले मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए शमी ने 13 रन देकर चार जबकि आकाशदीप ने 27 रन देकर तीन विकेट चटकाए जिससे सेना की टीम 18.2 ओवर में 165 रन पर सिमट गई। ऋतिक चटर्जी ने भी 32 रन देकर दो विकेट चटकाए।

हार्दिक पांड्या ने किया गेंदबाजी में प्रभावित

चोट के बाद वापसी करते हुए पंजाब के खिलाफ तेजतर्रार पारी खेलने वाले हार्दिक पांड्या ने इस बार गेंद से प्रभावित करते हुए चार ओवर में 16 रन देकर एक विकेट हासिल किया जबकि उनकी टीम बड़ौदा ने गुजरात को कम स्कोर वाले मैच में आठ विकेट से हराया। गुजरात की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 14.1 ओवर में सिर्फ 73 रन पर ढेर हो गई। गुजरात के सिर्फ दो खिलाड़ी दोहरे अंक में पहुंच पाए। बड़ौदा की ओर से भारत के पूर्व अंडर-19 तेज गेंदबाज राज लिम्बानी ने पांच रन देकर तीन विकेट चटकाए। बड़ौदा ने इसके जवाब में सिर्फ 6.4 ओवर में दो विकेट पर 74 रन बनाकर जीत दर्ज की। हार्दिक ने छह गेंद में 10 रन बनाए। यह भारतीय ऑलराउंडर अब छह दिसंबर को कटक के लिए रवाना होगा जहां वह नौ दिसंबर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रही पांच मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए भारतीय टीम के साथ जुड़ेगा।

हरियाणा ने हिमाचल को हराया

ग्रुप के एक अन्य मैच में तेज गेंदबाजों अंशुल कंबोज (44 रन पर तीन विकेट) और अनुज ठकराल (31 रन पर तीन विकेट) की धारदार के गेंदबाजी के बाद यशवर्धन दलाल (नाबाद 76) के अर्धशतक से हरियाणा ने हिमाचल प्रदेश को सात विकेट से हरा दिया। हिमाचल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 176 रन बनाए थे जिसके जवाब में हरियाणा ने 18 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। दलाल ने अपनी पारी में सात चौके और चार छक्के लगाए।

पंजाब ने दी पुडुचेरी को मात

पंजाब ने एकतरफा मुकाबले में पुडुचेरी को आसानी से 54 रन से हरा दिया। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सलील अरोड़ा के 44 रन और अभिषेक शर्मा के 34 रन की मदद से पांच विकेट पर 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। पुडुचेरी की टीम इसके जवाब में 18.4 ओवर में 138 रन पर ढेर हो गई। सिदाक सिंह ने पुडुचेरी की ओर से सर्वाधिक 61 रन बनाए लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। पंजाब की तरफ से अभिषेक ने 23 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article