रविवार को एक बार फिर फैंस को रोहित और कोहली का जादू साथ देखने को मिलेगा। दोनों जबसे केवल एक फॉर्मेट खेल रहे हैं तबसे फैंस वनडे सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। RO-KO का बॉन्ड कितना खास है, यह हमने हर बार मैदान और मैदान के बाहर देखा है। ऐसा ही एक नजारा टी20 वर्ल्ड कप 2024 के दौरान देखने को मिला था जब वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद दोनों ने एक दूसरे को गले से लगाया था। यह क्रिकेट की दुनिया का सबसे भावुकपूर्ण क्षण था, क्योंकि इसके फौरन बाद दोनों खिलाड़ियों ने इस फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी।
अब इतने लंबे वक्त बाद रोहित शर्मा ने उस खास मोमेंट के बारे में विस्तार से बात की। उन्होंने ये बात अपने नए गेम शो 'फैमिली फुल हाउस' के दौरान कही है। इस शो के लेटेस्ट एपिसोड में जब अंगद बेदी ने रोहित से इस बारे में सवाल किया तो उन्होंने इस पर खुलकर बात की और उस मोमेंट के बारे में बताया।
रोहित ने कहा '2015 से 2024 तक, हम दोनों उस ट्रॉफी के पीछे भाग रहे थे। हम कई बार जीत के बेहद करीब पहुंचे, लेकिन जीत नहीं पाए। 2015 में हम करीब पहुंचे, 2019 में फिर से करीब पहुंचे, और फिर 2023, मैं उसे याद भी नहीं करना चाहता। मैं 19 नवंबर को भूलना चाहता हूं।
लेकिन फिर उसके बाद के वे छह महीने आए, और मुझे पता चल गया कि 2024 टी20 विश्व कप मेरा आखिरी होगा। विराट और मैंने इस बारे में भी बात की थी कि इसके बाद हम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। इसलिए भावनाएं इतनी उमड़ रही थीं, क्योंकि हमने इतनी मेहनत की थी और इतने सालों तक उस विश्व कप का पीछा किया था। आखिरकार, जब हमने इसे जीता, उस पल, हमें समझ ही नहीं आ रहा था कि क्या करें। हम बस जो हो रहा था उस पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।"
रोहित और विराट ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतते ही इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था। उस वक्त वह इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में टॉप थ्री में थे। सब कुछ ठीक रहा तो एक बार फिर 2027 वनडे वर्ल्ड कप के बाद दोनों एक साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं।
