Rohit Sharma: भारतीय टीम रविवार को तिरुवनंतपुरम में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में उतरेगी तो सभी की निगाहें रोहित शर्मा पर होंगी। टीम में अपनी जगह को लेकर चल रही तमाम अटकलों के बीच हिटमैन के पास बल्ले से जवाब देने और दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा मौका है।
पूरे कर सकते हैं 12 हजार रन
रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में 12,000 रनों के आंकड़े से सिर्फ 105 रन दूर हैं। अगर वह वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में यह रन बना लेते हैं तो भारत के तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे जो इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ सचिन तेंदुलकर (18,426 रन) और विराट कोहली (14,941 रन) ने किया है। रोहित ने अब तक 288 वनडे में 48.95 की औसत से 11,895 रन बनाए हैं, जिसमें 34 शतक शामिल हैं।
ओपनर के तौर पर पूरे करेंगे 10 हजार रन
बतौर ओपनर भी रोहित एक बड़ी उपलब्धि के करीब हैं। उन्हें ओपनर के तौर पर 10,000 वनडे रन पूरे करने के लिए सिर्फ 135 रनों की जरूरत है। ऐसा करते ही वह दुनिया के चौथे और भारत के दूसरे ओपनर बन जाएंगे। भारत के लिए बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन सचिन तेंदुलकर ने बनाए हैं। उन्होंने भारत की तरफ से पारी की शुरुआत करते हुए सबसे अधिक 15,310 रन बनाए हैं। जो दुनिया के किसी भी बल्लेबाज से ज्यादा हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- विराट कोहली ने शुभमन गिल की कप्तानी को लेकर दे दिया बड़ा बयान, बोले- वह अभी सीख रहे..
वेस्टइंडीज के खिलाफ रोहित का रिकॉर्ड शानदार
वेस्टइंडीज के खिलाफ रोहित शर्मा ने 37 मैचों में 57.60 की औसत से अब तक 1,613 रन जड़े हैं। इसमें उन्होंने तीन शतक और 12 अर्धशतक बनाए हैं। ग्रीनफील्ड स्टेडियम में भी वह इस लय को बरकरार रखना चाहेंगे। साल 2026 में रोहित शर्मा का फॉर्म काफी अच्छा रहा है। इस साल 9 वनडे मुकाबले में रोहित ने 42.11 की औसत और 99.21 के स्ट्राइक रेट से 379 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेली गई 138 रनों की पारी उनकी फॉर्म का सबूत है।
