नागोया: भारत की प्राची चौधरी ने शनिवार को 20वें एशियाई खेलों की महिला 400 मीटर दौड़ के फाइनल में 53.21 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक अपने नाम किया। बहरीन की सलवा नासेर ने 49.20 सेकंड के इन खेलों के रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। ईरान की जहरा जारेई मनौजान ने 52.38 सेकंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया। फाइनल में शामिल एक अन्य भारतीय धाविका किरण पहल 53.41 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।
उत्तरप्रदेश के सहारनपुर से है ताल्लुक
20 दिसंबर, 1996 को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में जन्मीं प्राची चौधरी स्प्रिंटर हैं जो 400 मीटर इवेंट में माहिर हैं। उन्होंने साल 2019 में एशियन चैंपियनशिप और 2022 में एशियन गेम्स में 4 गुणा 400 मीटर रिले इवेंट में सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं। पेरिस 2024 ओलंपिक में वह भारतीय महिला 4 गुणा 400 मीटर रिले टीम का हिस्सा थीं।
पदक तालिका में 10वें पायदान पर पहुंचा भारत
प्राची के कांस्य पदक के साथ भारत 20वें एशियाई खेलों की पदक तालिका में 4 गोल्ड, 12 सिल्वर और 14 कांस्य पदक के साथ 10वें पायदान पर पहुंच गया है। भारत के खाते में कुल 30 पदक हो गए हैं। भारत ने सबसे ज्यादा पदक एथलेटिक्स में जीते हैं। एथलेटिक्स में भारत ने अबतक 4 सिल्वर और 4 कांस्य पदक सहित कुल 8 पदक जीते हैं।
इन खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स में जीते हैं पदक
एथलेटिक्स में भारत के लिए गुलवीर सिंह(10 हजार मीटर दौड़ में सिल्वर), तेजिंदरपाल सिंह तूर( गोला फेंक), सावन बरवाल (मैराथन), 4 गुणा 400 मीटर मिक्स्ड रिले स्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम किए। वहीं महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में सीमा, महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में प्राची चौधरी, एलांगवोन बारानिका (पोल वॉल्ट) और मनप्रीत कौर (महिलाओं के गोला फेंक) स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है।
(डेवलपिंग स्टोरी)(भाषा इनपुट के साथ)
