Ganesh Visarjan Vidhi in Hindi: गणपति को धूमधाम से घर लाने के बाद उनकी विदाई भावुक भी करती है और अगले साल उनके आने की उम्मीद भी देती है। अगर गणेश चतुर्थी पर आपने 10 दिन के लिए घर पर गणपति बैठाए हैं तो अब अनंत चतुर्दशी पर उनके विसर्जन का समय आ गया है। अब आपका यह सवाल भी होगा कि विदाई के समय गणेश जी की पूजा कैसे करें और मूर्ति का विसर्जन किस तरह करें। इसकी जानकारी आपको यहां दे रहे हैं।
गणेश विसर्जन के लिए क्या-क्या सामान रखें
पूजा शुरू करने से पहले आरती की थाली, दीपक, धूप, फूल, दूर्वा और प्रसाद पास रख लें। मोदक या लड्डू हों तो चढ़ाएं। नहीं तो घर में बना कोई भी मीठा प्रसाद रख सकते हैं। मूर्ति को ले जाने के लिए साफ थाली या चौकी तैयार कर लें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: गणेश विसर्जन 2026 मुहूर्त, सुबह या शाम कब करें बप्पा की विदाई
अगर छोटी मिट्टी की मूर्ति का विसर्जन घर पर करेंगे, तो उसमें मूर्ति समा सके, ऐसा बड़ा टब या पात्र पानी से भरकर रख लें। तैयारी पहले हो जाएगी तो पूजा के बाद हड़बड़ी नहीं होगी।
गणेश विसर्जन की स्टेप बाय स्टेप विधि
1. पूजा की जगह साफ करके दीप जलाएं
सबसे पहले पूजा स्थान को ठीक कर लें। बप्पा के सामने दीप और धूप जलाएं। रोज जिस तरह उनकी पूजा करते आए हैं, उसी अपनापन के साथ बैठें। विसर्जन के दिन कोई बिल्कुल नई या कठिन पूजा विधि याद करने का दबाव न लें।
2. फूल-दूर्वा चढ़ाकर भोग लगाएं
गणेश जी को फूल और दूर्वा अर्पित करें। फिर मोदक, लड्डू या घर में बना प्रसाद चढ़ाएं। बच्चों के हाथ से भी फूल या प्रसाद चढ़वा सकते हैं।
3. परिवार के साथ अंतिम आरती करें
अब सब मिलकर गणेश जी की आरती करें। यही वह पल है जब घर के लोग बप्पा के सामने एक साथ खड़े होते हैं। चाहें तो आरती के बाद थोड़ी देर भजन गा लें। जल्दी में हों, तब भी पूजा के लिए कुछ शांत मिनट जरूर निकालें।
4. बप्पा को धन्यवाद कहें और विदाई की प्रार्थना करें
अब हाथ जोड़कर अपने शब्दों में बात करें। कहें कि घर आने और इन दिनों पूजा स्वीकार करने के लिए धन्यवाद। पूजा में अनजाने में कोई कमी रह गई हो, तो क्षमा मांगें। अपने परिवार के लिए मंगल की प्रार्थना करें और अगले वर्ष फिर आने का निमंत्रण दें।
5. सजावट अलग करें और मूर्ति को सावधानी से उठाएं
मूर्ति के आसपास लगी सजावट, कपड़ा या प्लास्टिक की चीजें हटा लें। इन्हें पानी में नहीं डालना है। फिर मूर्ति को साफ थाली या चौकी पर रखें। मूर्ति भारी हो तो किसी की मदद लें। इस दौरान परिवार के लोग चाहें तो गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ... बोल सकते हैं।
6. तय जगह पर मूर्ति का विसर्जन करें
छोटी, प्राकृतिक मिट्टी की मूर्ति है तो घर में रखे पानी के पात्र में उसे धीरे से उतार दें। मूर्ति को घुलने के लिए समय दें। उसे तोड़ने या दबाकर घोलने की जरूरत नहीं है। सार्वजनिक विसर्जन स्थल पर जा रहे हैं, तो वहां बनी व्यवस्था का पालन करें। मूर्ति किस सामग्री की है, यह देखकर ही विसर्जन का तरीका चुनें।
7. प्रसाद बांटें और पूजा की सामग्री समेटें
विसर्जन के बाद घर आकर प्रसाद बांटें। पूजा की जगह समेटें और फूलों व सजावट को अलग रखें। यदि घर में प्राकृतिक मिट्टी की मूर्ति विसर्जित की है, तो मिट्टी बैठ जाने पर उसे गमले में मिला सकते हैं। बचा पानी पौधों में डालने से पहले यह जरूर देख लें कि मूर्ति में रासायनिक रंग या दूसरी सामग्री तो नहीं थी।
क्या घर पर गणेश विसर्जन करना ठीक है
बिल्कुल छोटी मिट्टी की गणेश मूर्ति का विसर्जन घर पर किया जा सकता है। बड़े पात्र में पानी भरकर मूर्ति को उसमें रखना एक आसान तरीका है। इससे परिवार के सदस्य भी आराम से विदाई की पूजा में शामिल हो पाते हैं।
एक बात का ध्यान रखें। गणेशोत्सव के लिए जो मूर्ति कुछ दिनों के लिए स्थापित की गई है, विसर्जन उसी का होता है। घर के मंदिर में हमेशा रखी जाने वाली गणेश प्रतिमा को विसर्जित नहीं किया जाता।
