देश

'अम्मा की करुणा समाज को जोड़ने का करती है काम', केरल में बोले अमित शाह; यूथ कांग्रेस ने दिखाए काले झंडे

  • Agency by: Agency
  • Updated Sep 26, 2026, 07:27 PM IST

Amit Shah Kerala Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केरल के कोल्लम दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने आध्यात्मिक गुरु माता अमृतानंदमयी (अम्मा) के 73वें जन्मोत्सव पर आयोजित 'विश्व सेवा दिनम' कार्यक्रम में हिस्सा लिया। अमित शाह ने अम्मा के सेवा कार्यों और मानवीय संवेदनाओं की जमकर सराहना की

Image

माता अमृतानंदमयी के 73वें जन्मोत्सव पर कोल्लम पहुंचे अमित शाह

Photo : ANI

Amit Shah Kerala Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को केरल के कोल्लम जिले के दौरे पर पहुंचे। अपने इस प्रवास के दौरान गृह मंत्री ने आध्यात्मिक गुरु माता अमृतानंदमयी (अम्मा) के 73वें जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित 'विश्व सेवा दिनम' (Vishwa Seva Dinam) और 'अमृत कीर्ति पुरस्कार' (Amrit Keerthi Puraskar) समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने माता अमृतानंदमयी के मानव सेवा के कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की और कहा कि समाज को सही मायने में जोड़ने का काम अम्मा जैसी महान शख्सियतें ही कर सकती हैं।

अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि 'विश्व सेवा दिनम' के मौके पर 20 करोड़ रुपये से अधिक की मुफ्त सर्जरी का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना और उन्हें प्रमाण पत्र बांटना ही वास्तविक सेवा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में कई तरह की जिम्मेदारियां होती हैं, लेकिन अम्मा के सानिध्य में आकर इंसान को अपने वास्तविक कर्तव्यों और संवेदनाओं का अहसास होता है। गृह मंत्री ने बताया कि उन्हें बार-बार अम्मा का आशीर्वाद लेने का सौभाग्य मिला है और उनकी करुणा पूरे विश्व में लाखों-करोड़ों लोगों का दुख-दर्द दूर कर रही है।

कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अमित शाह का किया विरोध

हालांकि, अमित शाह के इस दौरे के दौरान राजनीतिक सरगर्मी भी चरम पर रही। जब उनका काफिला कोल्लम के आश्रमम मैदान से कुंद्रा में नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NCCF) के कार्यक्रम में भाग लेने जा रहा था, तब रास्ते में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनका जमकर विरोध किया। यूथ कांग्रेस नेता बीनू चुलियिल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री के काफिले के सामने आकर काले झंडे दिखाए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पुलिस ने इस मामले में किया केस दर्ज

स्थिति को संभालते हुए मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तुरंत हस्तक्षेप किया और प्रदर्शनकारियों को काफिले के पास पहुंचने से रोक दिया। इस दौरान वहां मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी, लेकिन पुलिस ने दोनों पक्षों को आमने-सामने आने से बचा लिया। पुलिस ने बताया कि गृह मंत्री के काफिले की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा और प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर हटा दिया गया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

End of Article