शहर

छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश से बिगड़े हालात, उफान पर नदियां, दुर्ग-दल्लीराजहरा रेल ट्रैक धंसा; कई ट्रेनों का परिचालन बाधित

छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है। दुर्ग-दल्लीराजहरा रेल खंड में जलभराव और ट्रैक धंसने से ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं, जिसके चलते सुरक्षा के मद्देनजर परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया।

Image

दुर्ग-दल्लीराजहरा रेलवे ट्रैक बाधित (फोटो-Twitter)

रायपुर : ओडिशा में डीप डिप्रेशन बनने से पूर्वोत्तर भारत से लेकर छत्तीसगढ़ तक भीषण बारिश का दौर जारी है। आईएम़डी की मानें तो पिछले 48 घंटे से छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में बादल बरस रहे हैं, जिससे कई नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वहीं, दुर्ग-दल्लीराजहरा खंड में भारी बारिश के कारण लताबोड़ और गुंडरदेही स्टेशनों के बीच जलभराव और रेलवे ट्रैक धंसने से ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं हैं। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती उपाय के तौर पर ट्रेनपरिचालन में अस्थायी बदलाव किए गए। दुर्ग-दल्लीराजहरा खंड दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर संभाग के अंतर्गत आता है।

ये मुख्य ट्रेनें निरस्त

पीटीआई/भाषा के हवाले से अधिकारी ने बताया कि रायपुर के संभागीय रेलवे प्रबंधक दयानंद ने सुरक्षा अधिकारियों और अन्य संबंधित कर्मचारियों के साथ प्रभावित स्थल का दौरा किया एवं स्थिति का जायजा लिया। रेलमार्ग को ठीक करने के लिए इंजीनियरिंग विभाग के एक तकनीकी दल को लगाया गया है। ट्रेन संख्या 78816, अंतागढ़-रायपुर, दल्लीराजहरा और रायपुर के बीच रद्द रहेगी, जबकि ट्रेन संख्या 78815, रायपुर-अंतागढ़, को 26 सितंबर को रद्द कर दिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि ट्रेन संख्या 68765, ताड़ोकी-रायपुर, और 68764, रायपुर-ताड़ोकी, को भी 26 सितंबर को रद्द कर दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है और प्रभावित खंड में ट्रैक की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। सुरक्षा मानकों के अनुसार आवश्यकतानुसार परिचालन संबंधी निर्णय लिये जाएंगे।

पिछले दो-तीन दिनों में छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया है, नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है, सड़क संपर्क बाधित हुआ है और विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। भारी बारिश को देखते हुए राज्य सरकार ने शनिवार को छत्तीसगढ़ के सभी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी जिलाधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया है तथा राहत एवं बचाव दलों से जरूरी संसाधनों के साथ तैयार रहने को कहा है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article