क्रिकेट

IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान मैच से पहले शुभमन गिल ने बताई महामुकाबले की रणनीति

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में ओस की भूमिका को लेकर भारत के उप-कप्तान शुभमन गिल ने खुलकर बात की है। गिल शानदार फॉर्म में हैं। पहले मुकाबले में उन्होंने शानदार शतकीय पारी खेली थी।

Image

भारत और पाकिस्तान (साभार-x)

IND vs PAK: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का सबसे बड़ा मुकाबला रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच की पूर्व संध्या पर भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने इस मुकाबले को लेकर प्रतिक्रिया दी। गिल ने कहा दुबई में ओस नहीं होने से बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम पर अधिक दबाव होगा और 300 से अधिक का स्कोर काफी अच्छा रहेगा।

भारत का आईसीसी टूर्नामेंटों में पाकिस्तान पर हमेशा दबदबा रहा है और दोनों के बीच मुकाबलों को लेकर काफी हाइप रहती है । सरहद के दोनों पार इस मैच को लेकर दर्शकों के बीच बने रोमांच का गिल को इल्म है लेकिन इससे उनके या टीम के लिये कुछ नहीं बदलता।

गिल ने मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘ मैं यह नहीं कह सकता कि भारत पाकिस्तान मैच को लेकर हाइप ज्यादा रहती है या कम । भारत . पाकिस्तान क्रिकेट का लंबा इतिहास है । यह रोमांचक मुकाबला है लेकिन इससे हमारे लिये कुछ नहीं बदलता।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ यह महत्वपूर्ण मैच है लेकिन सबसे महत्वपूर्ण मैच फाइनल होगा ।’’ यूएई में टी20 विश्व कप के दौरान ओस की भूमिका अहम रही और गिल का कहना है कि वनडे प्रारूप में यह और भी अहम होगी । उन्होंने यह भी कहा कि यहां ओस नहीं होने से दूधिया रोशनी में बल्लेबाजी करना मुश्किल होगा।

उन्होंने कहा ,‘‘ पिछले मैच में यहां ओस नहीं थी । ऐसे में फ्लड लाइट्स में बल्लेबाजी करना और स्ट्राइक रोटेट करना आसान नहीं होता । बीच के ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी करने वाली टीम के जीतने की संभावना अधिक होगी ।टॉस से उतना फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि ओस नहीं है । बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम पर दबाव रहेगा ।’’उन्होंने यह भी कहा कि 300 से अधिक का स्कोर अच्छा रहेगा।

उन्होंने कहा ,‘‘ हम आक्रामक और सकारात्मक क्रिकेट खेलेंगे लेकिन यह पिच पर भी निर्भर होगा । इस विकेट पर 300 या 280 का स्कोर अच्छा रहेगा।’’ भारत ने पहले मैच में बांग्लादेश को हराया लेकिन पाकिस्तान न्यूजीलैंड से हार गया और अब उसे हर हालत में यह मैच जीतना होगा। गिल मैदान पर चौकों की तलाश में रहते हैं जबकि कप्तान रोहित शर्मा पावरप्ले में काफी जोखिम लेकर बल्लेबाजी करते हैं जिससे सलामी जोड़ी के रूप में उन्हें कामयाबी मिलती है। गिल ने कहा ,‘‘ रोहित भाई हवा में शॉट्स ज्यादा खेलते हैं और छक्के लगाने की कोशिश करते हैं । मैं जमीनी शॉट तलाशता हूं । इससे हमारी जोड़ी को सफलता मिलती है क्योंकि हम अलग अलग तरह से शॉट खेलते हैं ।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article