क्रिकेट

खराब फॉर्म के बाद इंग्लैंड के जेमी स्मिथ को भरोसा, पाकिस्तान के खिलाफ करेंगे वापसी

ENG vs PAK Test Series: ऑस्ट्रेलिया में एशेज सीरीज इंग्लैंड के लिए बुरा सपना साबित हुई थी। एशेज सीरीज में 4-1 से मिली हार के बीच जेमी स्मिथ सिर्फ एक बार 50 के स्कोर तक पहुंचे थे। एडिलेड में 60 रन के अलावा पूरी सीरीज में उनका बल्ला खामोश रहा।

Image

जेमी स्मिथ (फोटो साभार- ICC)

ENG vs PAK Test Series: इंग्लैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज जेमी स्मिथ इन दिनों खुद को साबित करने की जिद के साथ मैदान पर लौट रहे हैं। पिछले एक साल से फॉर्म से जूझ रहे 26 साल के स्मिथ अब पाकिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज में वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं। करियर की शुरुआत स्मिथ के लिए सपने जैसी थी। पहले 12 टेस्ट में 58.64 की औसत और 21 पारियों में 1000 रन पूरे करके उन्होंने सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले विकेटकीपर का रिकॉर्ड बराबर किया था। लेकिन उसके बाद ग्राफ नीचे आया।

पाकिस्तान सीरीज बन सकती है टर्निंग पॉइंट

ऑस्ट्रेलिया में एशेज सीरीज इंग्लैंड के लिए बुरा सपना बनी। एशेज सीरीज 4-1 से मिली हार के बीच स्मिथ सिर्फ एक बार 50 तक पहुंचे। एडिलेड में 60 रन के अलावा बल्ला खामोश रहा। नतीजा ये हुआ कि 22 टेस्ट बाद उनकी औसत 39.62 पर आ गई। आखिरी 10 टेस्ट में 3 अर्धशतक जरूर आए, लेकिन निरंतरता गायब थी। ट्रेंट ब्रिज में न्यूजीलैंड के खिलाफ 60 रन की पारी ने स्मिथ को आत्मविश्वास लौटाया है। वो मानते हैं कि पाकिस्तान सीरीज उनके लिए टर्निंग पॉइंट बन सकती है।

प्रेस एसोसिएशन से बात करते हुए स्मिथ ने कहा, "पिछले 6-9 महीने आसान नहीं थे। मैं अपने खेल से खुश नहीं हूं। लेकिन हर खिलाड़ी के जीवन में उतार-चढ़ाव आते हैं। इन मुश्किलों से मैं सीखकर बाहर आऊंगा। दोबारा ऑस्ट्रेलिया जाऊं तो वहां की कंडीशंस को बेहतर समझ पाऊंगा। पाकिस्तान के खिलाफ मैं ट्रेंट ब्रिज जैसी बल्लेबाजी दोहराना चाहता हूं।"

कीपिंग पर भी फोकस

स्मिथ ने बल्ले के साथ-साथ विकेटकीपिंग पर भी काम किया है। इंग्लैंड की पूर्व विकेटकीपर सारा टेलर अब उनकी कोच हैं। स्मिथ ने बताया कि दोनों छोटे-छोटे तकनीकी बदलावों पर काम कर रहे हैं। जेमी स्मिथ ने कहा, "सारा शानदार कोच हैं। रोज नई ऊर्जा के साथ आती हैं। ये तुरंत असर वाला काम नहीं है, एक प्रोजेक्ट की तरह है। मुझे लगता है मेरी कीपिंग में सुधार है। 1-2 कैच छूटने से लगता है मेहनत बेकार गई, लेकिन ओवरऑल मैं बेहतर महसूस कर रहा हूं।"

इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान सीरीज शेड्यूल

पहला टेस्ट: 19–23 अगस्त, हेडिंग्ले

दूसरा टेस्ट: 27–31 अगस्त, लॉर्ड्स

तीसरा टेस्ट: 9–13 सितंबर, एजबेस्टन

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article