क्रिकेट

Shreyas Iyer Catch: श्रेयस अय्यर का 'स्पाइडर-मैन' कैच देखकर सब हैरान, हार्दिक पांड्या सन्न, देखिए VIDEO

Shreyas Iyer Catch Video: मुंबई और पंजाब की टीमों के बीच आईपीएल 2026 के 24वें मैच में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या का बाउंड्री पर एक ऐसा कैच लपका है जिसे सीजन का सर्वश्रेष्ठ कैच करार दिया जा रहा है, यहां जानिए इस कैच के बारे में और देखिए शानदार वीडियो।

Image

श्रेयस अय्यर का हैरतअंगेज कैच (BCCI/X/IPLT20)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2026
  • श्रेयस अय्यर ने लपका आईपीएल 2026 का बेस्ट कैच
  • हार्दिक पांड्या और मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी रह गए हैरान

Shreyas Iyer Catch Video: क्रिकेट के मैदान पर कभी-कभी कुछ क्षण ऐसे होते हैं जो ना सिर्फ हमेशा के लिए फैंस के दिमाग में जगह बना लेते हैं, बल्कि उस मैच की दशा और दिशा भी तय कर देते हैं। टी20 विश्व कप 2024 फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सूर्यकुमार यादव का बाउंड्री पर लिया गया हैरतअंगेज कैच आपको याद होगा ही, जिसने मैच का रुख पलटा और भारत बाद में चैंपियन बना था। वैसा ही कुछ आईपीएल 2026 (IPL 2026) के 24वें मैच में जब मुंबई-पंजाब (MI vs PBKS) की टीमें टकराईं तब देखने को मिला और इस पल को देने वाले थे पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer), जिनके एक बेमिसाल कैच ने सबको उनका मुरीद बना दिया।

पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई के खिलाफ आईपीएल मैच के दौरान मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को आउट करने के लिए बाउंड्री लाइन पर एक शानदार कैच लेकर अपनी कलाबाजी का प्रदर्शन किया। यह कैच मार्को जेनसन द्वारा फेंके जा रहे 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर हुआ।

हार्दिक पांड्या ने उस गेंद से ठीक पहले एक शानदार छक्का लगाया था और वो लय में नजर आने लगे थे। अगर अय्यर नहीं होते, तो ओवर की तीसरी डिलीवरी भी बाउंड्री पार कर जाती। लॉन्ग-ऑन से दौड़ते हुए, अय्यर ने हवा में गेंद को रिवर्स-कप करने के लिए छलांग लगाई और फिर जमीन पर गिरने से पहले ही हवा में गेंद को उछालकर बाउंड्री के अंदर खड़े फील्डर जेवियर बार्टलेट को थमा दिया। रिप्ले में देखा गया कि अय्यर ने समय पर गेंद छोड़ी। कैच पूरा करने के बाद अय्यर ने मुंबई के दर्शकों को ताली बजाने का इशारा भी किया।

यहां देखिए श्रेयस अय्यर के शानदार कैच का वीडियो

ये कैच मुंबई इंडियंस के डगआउट के बेहद करीब हुआ था जहां मुंबई के सभी खिलाड़ी इस नजारे को बारीकी से देख रहे थे। रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव के चेहरों पर हैरानी साफ नजर आई जब श्रेयस ने इस कमाल के कैच को पूरा किया।

आईपीएल 2026 के इस मैच में, मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स के खिलाफ शुरुआती झटकों के बाद क्विंटन डी कॉक (112 नॉट-आउट) के शानदार शतक और नमन धीर के महत्वपूर्ण अर्धशतक (50 रन) की बदौलत 195 रन का स्कोर बनाया। इस दौरान पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह (3/22) ने सबसे बेहतरीन गेंदबाजी की औ पंजाब किंग्स के लिए अपने 100 आईपीएल विकेट भी पूरे किए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम ने प्रभसिमरन सिंह (80 रन) और कप्तान श्रेयस अय्यर के 66 रनों के दम पर 21 बॉल पहले ही 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की और अंक तालिका में टॉप पर पहुंच गई।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article