Anant Singh Daughter Wedding: बिहार की राजनीति में 'छोटे सरकार' के नाम से प्रसिद्ध मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी की तैयारियां जोरों पर हैं। बेटी की शादी 25 नवंबर को होने वाली है। जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह की बेटी के विवाह पर उनके पैतृक गांव नदवां में एक भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस रोमांचक प्रतियोगिता में भारत के कोने-कोने से एक से बढ़कर एक नामी और चर्चित घोड़े अपनी रफ्तार, कौशल और दमखम का प्रदर्शन करने पहुंचेंगे।
बेहद ही भव्य होगी अनंत सिंह की बेटी की शादी
अनंत सिंह की बेटी की इस शाही शादी की तैयारी में पूरा परिवार जुटा है। कौन मेहमान होगा, कौन-कौन नेता-मंत्री आएंगे.. इन सबकी लिस्ट बन रही है। सबको शादी का कार्ड भेजा जा रहा है। इस शाही शादी में अनंत सिंह एक प्रतियोगिता भी कराने वाले हैं। इस प्रतियोगिता में जो पहला विजेता होगा उसे थार गाड़ी मिलेगी। बेटी की शादी पर प्रतियोगिता थोड़ा अलग लग रहा होगा, लेकिन बता दें कि अनंत सिंह इस तरह के आयोजन कराते रहे हैं। इसी साल उन्होंने अपने गांव लदमा में विवेका पहलवान की पहली पुण्यतिथि के मौके पर दंगल का आयोजन कराया था। लदमा गांव में अखाड़ा बनाया गया था। इसमें कई देशों के पहलवानों को बुलाया गया था। कई राज्यों से दंगल देखने के लिए लोग पहुंचे थे।
घुड़दौड़ विजेताओं के लिए पुरस्कार
प्रथम पुरस्कार- महिंद्रा थार
द्वितीय पुरस्कार- मोटरसाइकिल
तृतीय पुरस्कार- स्कूटी
कार्यक्रम की जानकारी
दिनांक- 25 नवंबर 2026
समय- दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक
स्थान- नदवां/लदमा (बाढ़)
पैतृक गांव नदवां पहुंचे अनंत सिंह
मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी छोटी बेटी की शादी की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अपने पैतृक गांव नदवां पहुंचे। उनके आगमन पर बड़ी संख्या में समर्थक स्वागत के लिए मौजूद रहे। गांव पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले प्रस्तावित घुड़दौड़ प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी ली और इसके लिए बनाए गए मैदान का निरीक्षण भी किया। इसके बाद अनंत सिंह काफी देर तक अपने समर्थकों और सहयोगियों के साथ घर के बाहर बैठे रहे। इस दौरान उनसे मिलने वालों का लगातार तांता लगा रहा। शादी समारोह में बिहार समेत देशभर के कई नामी कलाकारों के भी शामिल होने की उम्मीद है। जानकारी के मुताबिक, फिल्म अभिनेता सोनू सूद, भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह, प्रसिद्ध गायक गुंजन सिंह, पार्श्व गायक उदित नारायण समेत कई भोजपुरी कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगे।
शादी के लिए बन रहा भव्य पंडाल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शादी समारोह के लिए करीब 10 बीघा क्षेत्र में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। गांव में विशाल टेंट, पंडाल निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। समारोह की सजावट को भव्य रूप देने के लिए विदेशों से विशेष फूल मंगाने की तैयारी भी की जा रही है। मेहमानों के स्वागत और खानपान के लिए अलग से बड़े मैदान में व्यवस्था की जा रही है। अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी को शाही अंदाज में आयोजित करने की तैयारी में जुटे हुए हैं।
