क्रिकेट

Ranji Trophy: मुंबई का दबदबा बरकरार, रेलवे को पटखनी देकर दर्ज की लगातार चौथी जीत

रणजी ट्रॉफी इतिहास की सबसे सफल टीम मुंबई ने मौजूदा सीजन में रेलवे को ग्रुप डी के मुकाबले में 106 रन से मात देकर लगातार चौथी जीत दर्ज की।

Image

Ranji Trophy: मुंबई का दबदबा बरकरार, रेलवे को पटखनी देकर दर्ज की लगातार चौथी जीत

मुंबई: मुंबई क्रिकेट टीम ने गुरुवार को रणजी ट्रॉफी के ग्रुप डी मुकाबले में रेलवे को 106 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी चौथी जीत दर्ज की जिससे उसके कुल अंक 27 हो गए हैं। रेलवे के सलामी बल्लेबाज ईशान गोयल (103) और सातवें नंबर के बल्लेबाज जुबैर अली (115) ने शतक लगाकर आखिरी दिन मुंबई को जीत से दूर रखने का प्रयत्न किया। लेकिन खेल के आखिरी घंटे में 42 बार की चैंपियन मुंबई ने शानदार वापसी की और बेहतरीन क्षेत्ररक्षण के दम पर जीत हासिल कर ली।

मुंबई ने की आखिरी सत्र में शानदार वापसी

सरफराज खान ने एक कैच छोड़ा लेकिन एक खिलाड़ी को रन आउट भी किया। उन्होंने गजब की फुर्ती और सूझबूझ दिखाते हुए डाइव लगाकर गोयल और अली के बीच 167 रन की साझेदारी को तोड़ दिया। गोयल ने मुशीर खान (42 रन देकर तीन विकेट) की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से से लग गई। भारतीय बल्लेबाज सरफराज ने तेजी से दौड़ लगाई और जश्न मनाते हुए अपने हाथ को इतनी जोर से लहराया कि मैदान पर फिजियो को भी आना पड़ गया। फिर भारतीय ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे ने मिड ऑफ से दौड़कर अली का विकेट लिया जिससे मुंबई फिर से पूरी तरह हावी हो गई। फिर तनुष कोटियान (93 रन देकर दो विकेट) ने शॉर्ट मिडविकेट पर एक हाथ से शानदार कैच लपककर आठवां विकेट लिया और जल्द ही पूरी रेलवे टीम 265 रनों पर सिमट गई।

रोमांचक रहा आखिरी का एक घंटा

यह सब खेल के आखिरी घंटे में हुआ जिससे मैच काफी रोमांचक रहा। गोयल और अली ने दूसरे और तीसरे सत्र के बीच कुल 156 मिनट तक मुंबई को रोके रखा। इस दौरान उन्होंने 212 गेंदों का सामना किया और छठे विकेट के लिए 167 रन जोड़े। दिन की शुरुआत में मुंबई ने अपनी कुल बढ़त में 60 रन और जोड़े जिससे रेलवे को जीत के लिए 372 रन का लक्ष्य मिला। कल के नाबाद बल्लेबाज दिव्यांश सक्सेना 100 रन बनाकर नाबाद रहे।

तमिलनाडु ने चंड़ीगढ़ को मात

वहीं एक अन्य मैच में पहली पारी में शानदार शतक लगाने वाले अजीत राम ने (48 रन देकर सात विकेट) गेंदबाजी में कमाल दिखाया जिससे तमिलनाडु ने चंडीगढ़ के खिलाफ पारी और 259 रन से बड़ी जीत दर्ज की। तमिलनाडु की सात विकेट पर 571 रन की घोषित पारी के जवाब में चंडीगढ़ की टीम पहली पारी में सिर्फ 94 रनों पर सिमट गई थी। इसके बाद फॉलोऑन खेलते हुए चौथे दिन उनकी पूरी टीम 218 रन पर आउट हो गई। शतक जड़ने वाले अजीत (नाबाद 115 रन) चौथे दिन गेंदबाजी में भी छाए रहे। उन्होंने तीन और विकेट लेकर कुल सात विकेट अपने नाम किए।

ड्रॉ रहा हिमाचल और राजस्थान के बीच मैच

वहीं हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। हिमाचल को पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक मिले।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article