दिल्ली : आंध्र प्रदेश लोक सेवा आयोग (APPSC) की ग्रुप-1 मुख्य परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन में कथित गड़बड़ी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ED के हैदराबाद जोनल ऑफिस की टीम ने 4 नवंबर को तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में सात ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें हैदराबाद, सिकंदराबाद और आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के ठिकाने शामिल हैं। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की गई।
ED की जांच विजयवाड़ा के सूर्यरावपेट पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के आधार पर शुरू हुई थी। इस FIR में परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं की मैनुअल जांच में गड़बड़ी और साजिश के आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि इस काम के लिए एक निजी कंपनी को 1 करोड़ 14 लाख 32 हजार 312 रुपये का भुगतान किया गया, जबकि कंपनी ने वास्तव में मैनुअल मूल्यांकन का काम किया ही नहीं था।
जांच के मुताबिक, आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट ने वर्ष 2021 में डिजिटल तरीके से जांची गई उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को रद्द करते हुए दोबारा मैनुअल जांच कराने का आदेश दिया था। इसके बाद 27 नवंबर 2021 से 19 फरवरी 2022 के बीच उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का काम M/s Camsign Media Pvt. Ltd. को सौंपा गया। उस समय APPSC में कोई नियमित चेयरमैन भी नहीं था।
ED के अनुसार, उत्तर पुस्तिकाओं को सरकारी कार्यालय से बाहर निकालकर गुंटूर जिले के चिनाकाकानी गांव स्थित हैलैंड रिजॉर्ट में रखा गया था। दिसंबर 2021 से फरवरी 2022 के बीच करीब 84 दिनों तक ये कॉपियां रिजॉर्ट में रखी गईं। आरोप है कि वहां वास्तव में कॉपियों की दोबारा मैनुअल जांच नहीं की गई, बल्कि पहले से हुए डिजिटल मूल्यांकन के अंकों को ही मैनुअल मूल्यांकन के नाम पर दर्ज कर दिया गया।
इस काम को पूरा करने के नाम पर 16 फरवरी 2022 को निजी कंपनी को 1.14 करोड़ रुपये का भुगतान भी कर दिया गया। यह चेक तत्कालीन APPSC सचिव ने जारी किया था। हालांकि बाद में इस पूरी प्रक्रिया को रद्द कर दिया गया। 19 फरवरी 2022 के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को वापस सरकारी परिसर में लाया गया और CCTV कैमरों की निगरानी में दोबारा जांच कराई गई। इसी बाद की जांच के आधार पर परीक्षा का अंतिम परिणाम और चयन सूची जारी की गई।
ED का आरोप है कि निजी कंपनी को 1.14 करोड़ रुपये ऐसे काम के लिए दिए गए, जो वास्तव में हुआ ही नहीं। एजेंसी इसे अपराध से अर्जित आय मानकर मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है।
इन लोगों और ठिकानों पर हुई छापेमारी..
ED की टीम ने तत्कालीन APPSC सचिव और IPS अधिकारी पी. सीतारामांजनेयुलु के ठिकाने पर तलाशी ली। इसके अलावा मैनुअल मूल्यांकन का ठेका पाने वाली कंपनी Camsign Media Pvt. Ltd. और उसके मैनेजिंग डायरेक्टर पी. मधुसूदन राव के परिसरों पर भी छापेमारी की गई। गुंटूर के चिनाकाकानी गांव स्थित Aavasa Resort Haailand की भी तलाशी ली गई, जहां उत्तर पुस्तिकाएं रखे जाने और मूल्यांकन की प्रक्रिया चलने का आरोप है।
इसके अलावा पहले डिजिटल मूल्यांकन का काम करने वाली कंपनी TruGrader Services (Stone Media Advisory Services Pvt. Ltd. की एक इकाई), उसके मैनेजिंग डायरेक्टर अकेला पेरी निवासा राव और मूल्यांकन कार्य से जुड़े महमंकाली रघुराम के ठिकानों पर भी कार्रवाई की गई।
दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस जब्त.
छापेमारी के दौरान ED को मामले से जुड़े कई अहम दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और दूसरे रिकॉर्ड मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। तत्कालीन APPSC सचिव पी. सीतारामांजनेयुलु समेत आरोपियों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। तलाशी के दौरान मिले संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। ED का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।
