स्पोर्ट्स

14 से 114 की यात्रा,आपके परिश्रम की है पराकाष्ठा... एशियाई पैरा गेम्स 2026 के पदक विजेताओं की पीएम नरेंद्र मोदी ने की सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एशियाई पैरा गेम्स 2026 के पदक विजेताओं से मुलाकात की और उनकी सफलता और जज्बे की जमकर तारीफ की। जानिए पीएम ने अपने संबोधन में क्या कहा?

Image

एशियाई पैरा गेम्स 2026 के पदक विजेताओं से मुलाकात करते पीएम नरेंद्र मोदी

Photo : ANI

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को एशियाई पैरा गेम्स 2026 के पदक विजेताओं से नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने एशियाई पैरा खेलों के पदक विजेताओं से मुलाकात के दौरान कहा कि खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन वैश्विक खेल महाशक्ति के रूप में भारत की बढ़ती पहचान और स्थिति की पुष्टि करता है। भारत के पैरा खिलाड़ियों ने दिखाया है कि शारीरिक चुनौतियों को कैसे मात दी जा सकती है। आपके संघर्ष और आपकी उपलब्धियों से हर भारतीय को प्रेरणा मिलती है। भारतीय दल ने जापान के आइची नागोया में 114 मेडल जीते जो इन खेलों में उसका अबतक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

आपने मेडल के साथ जीते करोड़ों देशवासियों के दिल

प्रधानमंत्री ने पैरा एथलीट्स को संबोधित करते हुए कहा, 'आप सभी से मिलने का मुझे बेसब्री से इंतजार था। कुछ ही सप्ताह पहले मैं एशियाई खेलों में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों से मिला था। अब पैरा एशियाई खेल में शामिल आप सभी ऊर्जावान साथियों से मुझे मिलने का अवसर मिला है। आपका शानदार प्रदर्शन यह बताता है कि आज भारत खेल की दुनिया में तेजी से एक बड़ी शक्ति के रूप में उभर रहा है। इतने बड़े मंत पर आप सबने मेडल तो जीता ही है, आपने करोड़ों देशवासियों का दिल भी जीता है।'

हौसलों से होती है ऊंची उड़ान

पीएम ने आगे कहा,'आप सभी पैरा एथलीट ने एक बार फिर ये दिखा दिया है कि सबसे ऊंची उड़ान हौसलों से होती है। मैं आप सभी खिलाड़ियों को 140 करोड़ देशवासियों की तरफ से बधाई देता हूं। आपकी इस उपलब्धि में आपके परिवार, ट्रेनर और कोच की अहम भूमिका है। मैं उनका भी अभिनंदन करता हूं। मैंने पहले भी कहा था, एक सामान्य खिलाड़ी के पीछे कोच को जितनी मेहनत करनी पड़ती है, पैरालंपिक के लिए उससे अनेक गुना ज्यादा मेहनत करनी होती है, तब जाकर के रंग बिखरते हैं। इसलिए उनको मैं विशेष बधाई देता हूं, उनका अभिनंदन करता हूं।'

ये प्रदर्शन है आपके परिश्रम की पराकाष्ठा

प्रधानमंत्री ने कहा, 'एक समय था जब ज्यादातर खेलों में भारत की भागीदारी केवल औपचारिकता समझी जाती थी। पैरा गेम्स में तो देश बहुत पीछे था। 2010 के पैरा एशियाई खेल में भारत ने बस एक स्वर्ण पदक जीता था। कुल मिलाकर उस टूर्नामेंट में हम केवल 14 मेडल जीत पाए थे। वहीं इस बार हमारे खिलाड़ी 114 मेडल के साथ आए हैं। 14 से 114 की ये यात्रा, ये आपके परिश्रम की पराकाष्ठा है। उसी का परिणाम है। खेल के प्रति आपका जो समर्पण है और एक जो पूरा पारिस्थितिकी तंत्र का विकास हुआ है, उससे परिणाम प्राप्त हो रहा है।'

आपने पूरे देश को गर्व से भर दिया

प्रधानमंत्री ने अंत में कहा, इस बार 30 स्वर्ण, 35 रजत, 49 कांस्य, 5 नए विश्व रिकॉर्ड, 9 एशियाई रिकार्ड...आपने पूरे देश को गर्व से भर दिया है। इस बार 56 महिला खिलाड़ियों में से 34 बेटियां पदक विजेता बनी हैं। चार स्पर्धाओं में तो मंच पर तीनों जगह हमारा ही झंडा था, हमारे ही खिलाड़ी थे। गोल्ड भी भारत ने जीता, उसी खेल में सिल्वर और ब्रॉन्ज़ भी भारत ने जीता।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article