क्रिकेट

कप्तान के तौर पर अच्छी शुरुआत, शर्मनाक हार के बाद श्रेयस अय्यर ने क्यों कहा ऐसा

आयरलैंड के खिलाफ टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और 148 रन बनाकर ढेर हो गई। यह पहला मौका है जब आयरलैंड ने भारत को किसी भी फॉर्मेट में हराया है।

Image

श्रेयस अय्यर (साभार-X)

सूर्या के बाद कप्तान बनाए गए अय्यर की कप्तानी शुरुआत निराशाजनक रही। बेलफास्ट में खेले गए मुकाबले में टी20 वर्ल्ड चैंपियन को करारी हार का सामना करना पड़ा। आयरलैंड ने दो मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के पहले मुकाबले में भारत को 34 रन से हरा दिया। भारत के खिलाफ नौ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में आयरलैंड की यह पहली जीत है। पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने नौ विकेट पर 182 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 148 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 20 गेंदों में 50 रन की विस्फोटक पारी खेली, लेकिन उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। आयरलैंड की ओर से मैट हॉलार्ड और मैथ्यू हंपहरेज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। डेब्यूटेंट मैट हॉलार्ड को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इससे पहले टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। आयरलैंड की ओर से कप्तान लॉर्कन टकर ने 50 और गैरेथ डेलेनी ने 49 रन की पारी खेली।

मैच के बाद टीम इंडिया के कप्तान ने बताया कि कहां उनकी टीम चूक गई। अय्यर ने कहा 'शुरुआत में हमारे गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की, लेकिन बीच के ओवरों में हमने रन खाए। मेरे ख्याल से इस पिच पर 140 का स्कोर चेज करने लायक होता। अय्यर ने हंसते हुए कहा 'कप्तानी के तौर पर अच्छी शुरुआत कही जा सकती है। हम इस मुकाबले को पीछे छोड़ आगे बढ़ेंगे और इसमें हुई गलतियों पर काम करेंगे। अगले मुकाबले में हम और मजबूती के साथ उतरेंगे। हर्षित राणा ने अच्छी गेंदबाजी की। शिवम दुबे मुश्किल परिस्थिति में भी अच्छी गेंदबाजी करते हैं और उन पर पूरा विश्वास है।

टीम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आप कुछ भी ग्रांटेड नहीं ले सकते हैं। आपको वर्तमान में रहते हुए मेहनत करने की दरकार है। अगर आप विरोधी टीम को जरा भी मौका देंगे तो खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article