क्रिकेट

'बाज जैसी आंख नहीं आपकी', पाकिस्तान की हार से खिसियाए अफरीदी, नो-बॉल को लेकर अंपायर पर उठाया सवाल

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 25, 2022, 02:23 PM IST

Shahid Afridi slams umpires over no ball by Mohammad Nawaz: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने भारत के खिलाफ आखिरी ओवर में दी गई नो-बॉल को लेकर अंपायर पर अपनी खीझ निकाली है। जब स्पिनर मोहम्मद नवाज ने नो-बॉल फेंकी, तब भारत को जीत के लिए 13 रन की जरूरत थी।

Image

शाहिद अफरीदी और विराट कोहली

रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2022 में विजयी आगाज किया। भारत ने रविवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में 4 विकेट से शिकस्त दी। यह मैच बेहद रोमांचक रहा, जिसका रिजल्ट आखिरी गेंद पर आया। विराट कोहली ने 53 गेंदों में नाबाद 82 रन की शानदार पारी खेली। भारत की टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ यह छठी जीत है। हालांकि, मेलबर्न का मुकाबला विवाद से अछूता नहीं रहा। स्पिनर मोहम्मद नवाज द्वारा आखिरी ओवर में डाली गई नो-बॉल पर कंट्रोवर्सी हो गई। कई पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी, जो हार को पचा नहीं पा रहे, वो नो-बॉल को मुद्दा बना रहे हैं। इस कड़ी में अब पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शाहिद अफरीदी का नाम भी जुड़ गया है।

नो-बॉल पर कोहली ने लगाया सिक्स

दरअसल, नवाज ने अंतिम ओवर में जब नो-बॉल फेंकी, तब भारत को जीत के लिए आखिरी 3 गेंदों पर 13 रन चाहिए थे। नवाज ने कमर की ऊंचाई से ऊपर गेंद डाली, जिसपर विराट कोहली ने छक्का जड़ दिया। हवाई फायर करने के बाद कोहली ने इशारा किया कि यह कमर से ऊपर बॉल है। ऐसे में मैदानी अंपायरों ने चर्चा की और इसे नो बॉल करार दिया। यह अहम पल था और मैच में भारत का पलड़ भारी हो गया। नवाज ने नो-बॉल के बाद वाडइ फेंकी और उसके बाद फ्रीट हिट पर कोहली ने दौड़कर तीन रन ले लिए। भारत को अंतिम गेंद पर 2 रन चाहिए थे। नवाज ने एक वाइड डाली और फिर आर अश्विन ने एक रन बनाकर भारत को जीत दिला दी। बता दें कि भारत को 20वें ओवर में 16 रन बनाने थे।

'कोई बाज जैसी आंख नहीं आपकी'

अफरीदी ने समा टीवी से कहा, 'जब से ये थर्ड अंपायर आया है। बहुत सारे रनआउट हैं, जहां पर मैदानी अंपायर सिर्फ सिगनल कर देता है थर्ड अंपयार के लिए। वो मैच में एक अहम मोड़ था, वहां पर अगर थर्ड अंपायर को रेफर कर देते तो वह आपको बता देता। लेकिन आपने तो फौरन ही नो-बॉल दे दी। इतनी कोई बाज जैसी आंखें नहीं हैं आपकी, थर्ड अंपायर को रेफर कर सकते थे।' वहीं, मैच की बात करें तो भारतीय टीम एक समय बुरी तरह जूझ रही थी। भारत के 4 विकेट महज 31 रन पर गिर गए थे। ऐसे में कोहली ने हार्दिक पांड्या (40) के साथ पांचवें विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी की, जो निर्णायक साबित हुई। कोहली को मैच विनिंग पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मोहम्मद अकरम
मोहम्मद अकरमauthor

मोहम्मद अकरम को राजनीति और खेल की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। अकरम को घटनाओं और किस्सों की बारीकियों में गोता लगाना पसंद है। 6 साल से ज्यादा का पत्रकारिता में अनुभव रखने वाले अकरम को क्रिकेट में दिलचस्पी है और वह उसे नए अंदाज में पिरोते और पेश करते हैं।

और पढ़ें
End of Article