क्रिकेट

PSL 2023: पहले तोड़ा बैट फिर बिखेर दी गिल्लियां, शाहीन की धमाकेदार वापसी से जीता लाहौर कलंदर्स

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Feb 27, 2023, 07:51 AM IST

PSL 2023: पाकिस्तान सुपर लीग में एक बार फिर से शाहीन अफरीदी की घातक गेंदबाजी देखने को मिली। रन से भरे इस मैच में शाहीन ने अपनी गेंद से धमाल मचाया और 4 ओवर की गेंदबाजी में 5 विकेट झटके। उन्होंने कप्तान बाबर आजम को क्लीन बोल्ड किया। शाहीन लंबे वक्त बाद इस तरह की फॉर्म में नजर आए।

Image

शाहीन शाह अफरीदी

Photo : Twitter

पाकिस्तान सुपर लीग का रोमांच कम होने का नाम नहीं ले रहा है। लाहौर कलंदर्स और पेशावर जल्मी के बीच खेले गए 15वें मैच में लाहौर कलंदर्स ने पेशावर जल्मी को 40 रन से हरा दिया। इस मैच में खूब रन बरसे और फैंस ने चौके-छक्कों का भरपूर आनंद लिया। मैच में कुल 442 रन बने। लेकिन फैंस और पाकिस्तान के लिए सबसे खास रहा, नई गेंद से शाहीन अफरीदी की गेंदबाजी। शाहीन लंबे वक्त बाद अपने पुराने रंग में नजर आए। उन्होंने 4 ओवर में 40 रन देकर 5 विकेट झटके।

बाबर और हारिस की बिखेरी गिल्लियां

शाहीन ने बता दिया कि नई गेंद से आज भी उनका कोई जवाब नहीं है। उनकी दूसरी गेंद इतनी तेज थी कि मोहम्मद हारिस का बल्ला दो टुकड़ों में बंट गया। उसके अगले ही गेंद पर शाहीन ने उनकी गिल्लियां बिखेर दी। हालांकि, सैम अयुब और कप्तान बाबर आजम ने दूसरे विकेट के लिए 27 रन जोड़े, लेकिन शाहीन का अगला शिकार बने बाबर, जिन्हें शाहीन ने 7 रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। शाहीन ने मैच में कुल 5 विकेट झटके।

नतीजा 242 रन का पीछा करते हुए पेशावर जल्मी की टीम केवल 201 रन ही बना पाई और लाहौर कलंदर ने 40 रन से मुकाबला जीत लिया। पेशावर की तरफ से सैम अयुब ने 51 और टॉम कोलर कैडमोर ने 55 रन की पारी खेली।

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए लाहौर कलंदर ने फखर जमां के 96 और अब्दुल्ला शफीक के 75 रन की पारी के दम पर 3 विकेट के नुकसान पर 241 रन बनाए।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article