क्रिकेट

पाकिस्तान क्रिकेट टीम की सांसें अटकी, होने जा रही है इस धुरंधर की सबसे बड़ी परीक्षा

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 11, 2022, 09:06 PM IST

Shaheen Afridi, Pakistan cricket team, T20 World Cup 2022: पाकिस्तान क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप से पहले अपने एक खिलाड़ी को लेकर चिंता में है और उसको लेकर उनकी सांसें अटकी हुई हैं। हम बात कर रहे हैं तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी की जो आने वाले दिनों में अपनी फिटनेस साबित करेंगे।

Image

शाहीन अफरीदी साबित करेंगे अपनी फिटनेस

Photo : Twitter

पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 23 अक्टूबर को टी20 विश्व कप में अपना पहला मैच खेलना है। और ये मुकाबला कोई आम मैच नहीं बल्कि चिर-प्रतिद्वंद्वी भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ होना है। उस मैच से पहले पाकिस्तानी टीम अपनी हर खिलाड़ी व रणनीति को दुरुस्त कर लेना चाहती है लेकिन एक खिलाड़ी को लेकर उनकी सांसें अब भी अटकी हुई हैं। हम बात कर रहे हैं पाकिस्तानी पेसर शाहीन अफरीदी की।

शाहीन शाह अफरीदी चोट से उबर रहे हैं और अब उनको 17 और 19 अक्टूबर को होने वाले अभ्यास मुकाबलों के दौरान अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। वो पाकिस्तानी टीम के मुख्य व स्टार पेसर हैं, ऐसे में हर पाकिस्तानी फैन व टीम प्रबंधन की नजर उन पर टिकी हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कहा कि जुलाई के मध्य में घुटने में चोट लगा बैठे अफरीदी ब्रिटेन में चिकित्सकों की देखरेख में रिहैबिलिटेशन के बाद शनिवार को ब्रिसबेन में टीम के साथ जुड़ेंगे। इंग्लैंड और अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले अभ्यास मैच में उनकी मैच फिटनेस की परीक्षा होगी।

चयन के लिए उपलब्ध

पीसीबी ने कहा, ‘‘शाहीन अब इंग्लैंड और अफगानिस्तान के खिलाफ 17 और 19 अक्टूबर के अभ्यास मैच में चयन के लिए उपलब्ध हैं जिसके दौरान टीम प्रबंधन उनकी मैच फिटनेस का आकलन करेगा।’’ शाहीन जुलाई के मध्य से क्रिकेट से दूर हैं जब गॉल में श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान उनके घुटने में चोट लगी थी।

अफरीदी का ताजा बयान और हाल

शाहीन अफरीदी ने एक बयान में कहा कि वह पिछले 10 दिन से पूरे रन-अप और गति के साथ छह से आठ ओवर गेंदबाजी कर रहे हैं और उन्हें कोई परेशानी नहीं हो रही। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने नेट में गेंदबाजी और बल्लेबाजी का आनंद लिया है लेकिन मैच के माहौल की जगह कुछ भी नहीं ले सकता और मैं उस माहौल का और इंतजार नहीं कर सकता।’’

पीसीबी ने कहा कि टी20 विश्व कप के लिए तीन रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल आक्रामक सलामी बल्लेबाज फखर जमां भी अफरीदी और ‘नेशनल हाई परफॉर्मेंस सेंटर’ के कोच उमर राशिद के साथ ब्रिसबेन जाएंगे। जमां पीसीबी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी और टीम डॉक्टर नजीबुल्लाह सूमरो की देखरेख में अपना रिहैबिलिटेशन पूरा करेंगे जिसके बाद जरूरत पड़ने पर उनकी भागीदारी पर निर्णय लिया जाएगा।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article