Jindal Panther Cup: जिंदल पैंथर ने नोएडा स्थित जिंदल पोलो एस्टेट में खेले गए जिंदल पैंथर कप के पहले सेमीफाइनल में अरावली पोलो को बेहद कड़े और रोमांचक मुकाबले में 8-7 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। आखिरी सेकेंड तक चले इस हाई-वोल्टेज मैच में जिंदल पैंथर ने अरावली की जोरदार वापसी के बावजूद अपना संयम नहीं खोया और जीत दर्ज की। मैच की शुरुआत जिंदल पैंथर ने आक्रामक अंदाज में की और पहले ही चक्कर में 4-1 की बड़ी बढ़त बना ली। शुरुआती बढ़त के साथ टीम ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी, लेकिन अरावली पोलो ने हार नहीं मानी। अरावली ने तीसरे चक्कर में शानदार कमबैक किया और लगातार गोल करके अंतर को कम कर दिया, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया।
जिंदल पैंथर ने फाइनल में बनाई जगह
अंतिम चक्कर तक दोनों टीमों के बीच केवल एक गोल का अंतर रह गया और मैच का फैसला आखिरी क्षणों तक टिका रहा। भारी दबाव के बीच जिंदल पैंथर ने अपनी एक गोल की बढ़त को कायम रखा और 8-7 से जीत के साथ फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। जिंदल पैंथर की जीत के हीरो सिमरन एस. शेरगिल रहे, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 गोल दागे और टीम की जीत में सबसे अहम भूमिका निभाई। टीम के मालिक नवीन जिंदल ने 2 गोल का योगदान दिया, जबकि महेश शर्मा ने टीम के लिए 8वां और निर्णायक गोल करके फाइनल की राह आसान की।
अरावली पोलो ने दी कड़ी टक्कर
दूसरी तरफ, अरावली पोलो ने अंत तक कड़ी टक्कर दी। टीम की ओर से नवीन सिंह और अर्जेंटीना के खिलाड़ी जुआन मार्टिन जूरी ने 3-3 गोल किए और अपनी टीम की उम्मीदों को आखिर तक जिंदा रखा। लेकिन जिंदल पैंथर की मजबूत डिफेंस के सामने वे बराबरी नहीं कर सके। यह जीत जिंदल पैंथर कप में जिंदल पैंथर के अभियान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह टूर्नामेंट नोएडा स्थित जिंदल पोलो एस्टेट में आयोजित चार सप्ताह के 2026 पोलो सीजन का हिस्सा है। सेमीफाइनल में जीत के बाद अब टीम की निगाहें रविवार को होने वाले फाइनल पर टिकी हैं, जहां वह खिताब के लिए मैदान में उतरेगी। जिंदल पैंथर कप का फाइनल रविवार को ही नोएडा स्थित जिंदल पोलो एस्टेट में खेला जाएगा।
