Mahalaya Celebration: पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने के बाद पहली बार दुर्गा पूजा का आयोजन हो रहा है। ऐसे में राज्य सरकार महालया समारोह को भव्य और यादगार बनाने की तैयारी में जुटी है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स और प्रतिष्ठित रेड रोड पर इस विशेष आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। इस कार्यक्रम में बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक संगीत और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। कोलकाता के आइकॉनिक रेड रोड पर पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों की संस्कृति को दर्शाने वाली झांकियां सजाई गई हैं। यहां अलग-अलग जिलों की झांकियों के जरिए उनकी विशिष्ट परंपराओं, लोक नृत्यों और संगीत को प्रदर्शित किया जाएगा। अलीपुरद्वार के चाय बागानों की संस्कृति से लेकर बीरभूम के प्रसिद्ध बाउल संगीत तक, बंगाल की विविध सांस्कृतिक विरासत की झलक इस आयोजन में देखने को मिलेगी।
ईडन गार्डन्स को भी भव्य रूप से सजाया गया
वहीं, महालया समारोह के मुख्य आयोजन स्थल ईडन गार्डन्स को भी भव्य रूप से सजाया गया है। यहां बंगाल की पारंपरिक संस्कृति के साथ आधुनिक तकनीक का संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में पारंपरिक वाद्य यंत्र ढाक बजाते ढाकियों और लाल बॉर्डर वाली साड़ियों में शंख बजाती महिलाओं की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र होगी। राज्य सरकार की योजना इस आयोजन के जरिए एक नया रिकॉर्ड बनाने की है। इसके तहत 10,000 ढाकियों और 3,000 महिलाओं के एक साथ ढाक और शंख बजाने का लक्ष्य रखा गया है।
3,000 ड्रोन की मदद से भव्य ड्रोन शो आयोजित करने की तैयारी
इस भव्य समारोह में शामिल होने के लिए राज्य सरकार की ओर से करीब 45,000 लोगों को आमंत्रित किया गया है। इनमें सरकारी अधिकारी, प्रमुख हस्तियां और विदेशी प्रतिनिधिमंडलों के सदस्य भी शामिल होंगे। कार्यक्रम को और खास बनाने के लिए 3,000 ड्रोन की मदद से भव्य ड्रोन शो आयोजित करने की तैयारी है। इसके साथ ही लेजर लाइट और 3D मैपिंग के जरिए मां दुर्गा के महिषासुरमर्दिनी स्वरूप तथा बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
पूरे कोलकाता को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया
महालया समारोह का उत्सव केवल ईडन गार्डन्स और रेड रोड तक सीमित नहीं रहेगा। पूरे कोलकाता को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया है। शहर के विभिन्न स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी, जिनके जरिए कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इससे ईडन गार्डन्स तक नहीं पहुंच पाने वाले लोग भी शहर के अलग-अलग हिस्सों से इस भव्य आयोजन का आनंद ले सकेंगे।
