क्रिकेट

अभिषेक शर्मा के नाम दर्ज हुआ एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड, रांची में छोटी सी पारी खेलकर रचा इतिहास

वेस्टइंडीज के खिलाफ रांची में भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भले ही बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे लेकिन उन्होंने इस मुकाबले के दौरान एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

Image

अभिषेक शर्मा (फोटो क्रेडिट BCCI X)

रांची: भारत के स्टार सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में 12 गेंद में 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अभिषेक ने रांची में अपनी इस पारी के दौरान एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अभिषेक घरेलू सरजमीं पर सबसे तेज गति से एक हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने ये उपलब्धि भारत में अपने 29वें टी20आई मैच में हासिल की।

घरेलू सरजमीं पर सबसे तेज एक हजार रन

अभिषेक शर्मा को रांची टी20आई से पहले घर पर एक हजार रन पूरे करने के लिए 10 रन की दरकार थी। उन्होंने इस आंकड़े को पार करते ही वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अभिषेक ने 528 गेंद में घर पर एक हजार रन पूरे किए और सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सूर्या ने 573 गेंद में भारतीय सरजमीं पर एक हजार रन टी20आई क्रिकेट में पूरे किए थे। अभिषेक ने सूर्या को 45 गेंद के अंतर से पीछे छोड़ दिया। अभिषेक के नाम भारत में खेले 29 मैच की 29 पारी में 36.07 के औसत और 213.53 के स्ट्राइक रेट से 1010 रन दर्ज हो गए हैं। इसमें 2 शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं। चार बार वो अपना खाता खोलने में नाकाम रहे। इस दौरान उन्होंने 96 चौके और 77 छक्के जड़े हैं।

दो हजारी बनने से चूके

अभिषेक शर्मा के नाम अंतरराष्ट्रीय टी20 में खेले 64 मैच की 63 पारी में 32.24 के औसत और 194.94 के स्ट्राइक रेट से 1967 रन दर्ज हो गए हैं। इसमें तीन शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं। टी20आई में दो हजारी बनने के लिए उन्हें 33 रन की दरकार है। अभिषेक रोहित शर्मा(4,231), विराट कोहली(4,188), सूर्यकुमार यादव(3,271), हार्दिक पांड्या(2,288) और केएल राहुल (2,265) के बाद इस मुकाम पर पहुंचने वाले छठे भारतीय बन जाएंगे। सबसे तेज गति से 2 हजार रन बनाने का रिकॉर्ड बाबर आजम के नाम दर्ज है। उन्होंने 52 पारी में ये उपलब्धि हासिल की थी। वहीं भारतीय रिकॉर्ड विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव के नाम दर्ज है। दोनों ने 56-56 पारी में ये उपलब्धि हासिल की थी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article