देश

विजय चौक पर विपक्षी दलों का धरना, राष्ट्रपति से मिलने जा रहे सांसद; राहुल बोले- अब सरकार को बर्खास्त करना होगा

INDIA Bloc Protest: विपक्षी सांसदों ने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में 'वोट चोरी' के खिलाफ अभियान को आगे बढ़ाने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर अपनी रणनीति पर मंथन किया।

Image

राष्ट्रपति भवन की ओर विपक्षी दलों का मार्च

Photo : PTI

INDIA Bloc Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी कड़ी में INDIA ब्लॉक के सांसद संसद भवन के सेंट्रल हॉल में एकत्रित हुए, जहां पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की तैयारी की गई। इसके बाद सांसदों ने राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च किया और विजय चौक में सड़क पर बैठ गए।

विजय चौक पर धरने पर बैठे सांसद

प्रियंका गांधी वाड्रा, ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, डीके शिवकुमार सहित तमाम विपक्षी सांसद विजय चौक पर धरने पर बैठ गए और लगातार ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।

राष्ट्रपति को सौंपेंगे ज्ञापन

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत INDIA ब्लॉक के सांसद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने के लिए राष्ट्रपति भवन की ओर रवाना हो गए। दरअसल, विपक्षी सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति मुर्मु से मुलाकात कर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ज्ञापन सौंपेगा।

सेंट्रल हॉल में विपक्षी नेताओं ने किया मंथन

इससे पहले, विपक्षी सांसदों ने संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में बैठकर 'वोट चोरी' के खिलाफ अभियान को आगे बढ़ाने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर अपनी रणनीति पर मंथन किया।

'सरकार को बर्खास्त करना होगा'

सेंट्रल हॉल में विपक्षी सांसदों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश के लोगों के अधिकारों की रक्षा करना हम सब की जिम्मेदारी है। पिछले कुछ सालों में जैसे नतीजे आए हैं खासतौर पर गुजरात, हरियाणा और महाराष्ट्र में, मैं अभी तक विश्वास नहीं कर पा रहा हूं ऐसा कैसे हुआ? लेकिन मुझे तब पता चला जब मेरे हाथ में सबूत आए। उन्होंने आगे कहा कि ये सिर्फ ज्ञानेश कुमार कि बात नहीं है, सरकार को बर्खास्त करना होगा। ज्ञानेश कुमार खुद को समझते क्या है? जनता के प्रतिनिधियों से मिलना उनका काम है। ज्ञानेश कुमार को हमसे मिलना होगा, किसी भी हालत में मिलना होगा।

इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कर्नाटक मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के ई.टी. मोहम्मद बशीर, माकपा महासचिव एम.ए. बेबी, भाकपा महासचिव डी. राजा, समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय और मोहिबुल्लाह नदवी, निर्दलीय सांसद कपिल सिब्बल और कई अन्य नेता मौजूद थे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article