IND vs ZIM T20 Series:भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीम के बीच 16 से 20 अक्टूबर तक होने वाली तीन मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के सभी मुकाबले रायपुर में खेले जाएंगे। छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के निदेशक विजय शाह ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सभी मुकाबले नया रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे और शाम सात बजे से शुरू होंगे। भारतीय टीम 11 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी जबकि जिम्बाब्वे की टीम 12 अक्टूबर को शहर पहुंचेगी।
कितने रुपये है टिकट की कीमत
विजय शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मुकाबलों के टिकट की शुरुआती कीमत 250 रुपये रखी गई है। ऑनलाइन टिकटों की बिक्री 12 अक्टूबर से शुरू होगी और एक व्यक्ति अधिकतम 6 टिकट खरीद सकेगा। प्रशंसक तीनों मैच के लिए 499 रुपये का सीरीज टिकट भी खरीद सकेंगे, जबकि दो मैचों के टिकट की कीमत 350 रुपये रखी गई है। शाह ने बताया कि आयोजन स्थल पर भूजल के इस्तेमाल को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) द्वारा जताई गई चिंताओं के बाद सीरीज की मेजबानी के लिए जरूरी मंजूरी ले ली गई है। स्टेडियम में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और पानी की खपत पर नजर रखने के लिए फ्लो मीटर भी लगाया गया है।
मंधाना टी20 और वनडे टीम की कप्तान
जिम्बाब्वे के खिलाफ T20I और ODI सीरीज के लिए भारतीय टीम की कप्तानी स्मृति मंधाना करेंगी। T20I सीरीज रायपुर में और ODI सीरीज वडोदरा में खेली जाएगी। दोनों ही सीरीज के लिए स्मृति मंधाना को कप्तान बनाया गया है। T20I टीम में शेफाली वर्मा उप-कप्तान होंगी, जबकि अनुभवी हरमनप्रीत कौर को भी टीम में जगह मिली है। विकेटकीपर के तौर पर ऋचा घोष और जी कमालिनी को चुना गया है। टीम में युवा चेहरों - निकी प्रसाद, अनुष्का शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी और नंदनी शर्मा को भी मौका दिया गया है। वनडे टीम में प्रतिका रावल, हरलीन देओल, तेजल हसबनिस और यास्तिका भाटिया जैसे नाम शामिल हैं, जबकि दीप्ति शर्मा उप-कप्तान होंगी। तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर की भी वापसी हुई है।
भारतीय महिला टी20 टीम:
स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा (उप-कप्तान), निकी प्रसाद, हरमनप्रीत कौर, अनुष्का शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमालिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिंतिमनी कलिता, मिन्नू मणि
भारतीय महिला वनडे टीम:
स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर, हरलीन देओल, तेजल हसबनिस, दीप्ति शर्मा (उप-कप्तान), ऋचा घोष, यास्तिका भाटिया, वैष्णवी शर्मा, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़, सयाली सतघरे, रेणुका ठाकुर
