मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूचियों (SIR) में कथित अनियमितताओं के विरोध में 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन से पहले सियासत गरमा गई है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं कि सरकार 'जेन जी' यानी युवाओं से डरी हुई है और देश में आपातकाल जैसे हालात बना दिए गए हैं।
पीटीआई भाषा के मुताबिक दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन से ठीक पहले प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए कई परिवहन सेवाओं और ट्रेनों के संचालन पर रोक लगा दी है। मुंबई हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बात करते हुए CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि सरकार प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लोगों की आवाजाही को सीमित कर रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि अगर सरकार को युवाओं से इतना ही डर है, तो वह पूरे देश को ही बंद कर दे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'PM मोदी को गाली बर्दाश्त नहीं', CJP से पहले सड़कों पर उतरी लाल हिट जनता पार्टी, सरकार के समर्थन में किया प्रदर्शन
सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे के बीच कई ट्रेनें रद्द
दिपके ने बताया कि 10 अक्टूबर को सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर आने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जो पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने सरकार को खुली चुनौती देते हुए कहा कि कॉजपा कार्यकर्ता हर हाल में अपनी योजना के तहत आगे बढ़ेंगे।
देश में आपातकाल जैसे हालात-सौरव दास
वहीं, CJP नेता सौरव दास ने देश के मौजूदा हालात की तुलना आपातकाल से करते हुए दावा किया कि भाजपा शासित राज्यों में पार्टी के कार्यकर्ताओं को लगातार हिरासत में लिया जा रहा है और कई लोगों को उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी को एक बड़े किले में तब्दील कर दिया गया है। गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने CJP को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया है, जिसके बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया है।
