क्रिकेट

शेफाली वर्मा ने रचा इतिहास, बनी टी20 में 3000 रन बनाने वाली सबसे युवा खिलाड़ी

शेफाली वर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप मैच में इतिहास रच दिया। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गईं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एलिसा हीली का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Image

शेफाली वर्मा (साभार-X)

भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर एशिया कप में जीत की हैट्रिक लगा ली। पाकिस्तान ने भारत के सामने 56 रन का आसान लक्ष्य रखा था, जिसे उसने 3 विकेट खोकर 9वें ओवर में हासिल कर लिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने छक्का जड़कर टीम इंडिया को जीत दिलाई। इस मुकाबले में शेफाली वर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 3,000 रन पूरे किए। शेफाली ने पारी की दूसरी गेंद पर एक रन लेकर 3,000 रन का आंकड़ा छूआ। उन्हें इसके लिए 7 रन की दरकार थी। हालांकि, वह केवल 12 रन बनाकर फातिमा सना का शिकार बनीं। शेफाली विमेंस क्रिकेट में 16वीं ऐसी खिलाड़ी हैं जिन्होंने 3,000 रन का आंकड़ा पार किया है।

सबसे युवा खिलाड़ी बनी शेफाली वर्मा

शेफाली वर्मा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 3,000 रन बनाने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बन गई। अब उनके नाम 114 मैच के 113 पारी में 3,005 रन हो गए हैं। इस दौरान उनके नाम 19 अर्धशतक हैं। उनका सर्वाधिक व्यक्गित स्कोर 81 रन है। उन्होंने आयरलैंड के गेबी लुईस का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 24 साल 347 दिन की उम्र में यह जादूई आंकड़ा हासिल किया था। शेफाली ने केवल 22 साल और 220 दिन की उम्र में यह कारनामा कर दिया।

सबसे तेज 3000 रन का रिकॉर्ड

2019 में अपना टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाली शेफाली वर्मा ने टी20 में सबसे तेज 3000 रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। शेफाली ने 3000 रन बनाने के लिए केवल 2,182 गेंदें खेली। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली का रिकॉर्ड तोड़ा, जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुकी हैं। शेफाली भारत की तीसरी खिलाड़ी बनी हैं जिन्होंने इस फॉर्मेट में 3,000 या इससे ज्यादा रन बनाए हैं। शेफाली के अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना यह कारनामा कर चुकी हैं।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article