क्रिकेट

महिला एशिया कप में पाकिस्तान को रौंदने के बाद क्या बोलीं भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर

IND W vs PAK W: महिला एशिया कप 2026 के लीग मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान की महिला टीम को 7 विकेट से हरा दिया। पाकिस्तान से मिले 56 रनों के लक्ष्य को भारतीय टीम ने 8.4 ओवरों में तीन विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।

Image

हरमनप्रीत कौर (फोटो साभार- BCCI)

IND W vs PAK W: महिला एशिया कप टी20 में भारत ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में 7 विकेट से रौंद दिया। शनिवार को खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में पाकिस्तान की टीम अपने 200वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई, जो इस फॉर्मेट में उसका सबसे कम स्कोर है। भारत ने यह लक्ष्य महज 8.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इतिहास भी रच दिया। बतौर कप्तान यह उनका 150वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच था और वह पुरुष और महिला क्रिकेट मिलाकर इस मुकाम तक पहुंचने वाली दुनिया की पहली कप्तान बन गईं। जीत के बाद उन्होंने टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताई।

मैच जीत के बाद क्या बोलीं भारतीय कप्तान

हरमनप्रीत ने कहा, "हमारे लिए यह बहुत महत्वपूर्ण मैच था। आज पूरी टीम ने जिस तरह प्रदर्शन किया, उससे मैं बहुत खुश हूं। सभी गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की है, वे अपनी योजनाओं पर टिके रहे और पिच को अच्छी तरह से पढ़ा।" दरअसल, मैच में टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी चुनी और 4 ओवर तक बिना विकेट 27 रन बना लिए थे। लेकिन पांचवें ओवर से हरमनप्रीत ने स्पिन का जाल बिछाया और फिर पाकिस्तान की पारी बिखर गई।

श्रीचरणी बनीं मैन ऑफ द मैच

22 साल की बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 3 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच बनीं। वहीं 24 साल की लेग स्पिनर प्रेमा रावत ने 4 ओवर में 9 रन देकर 3 विकेट चटकाए। दीप्ति शर्मा ने 3.1 ओवर में 5 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि शेफाली वर्मा को 1 सफलता मिली। भारतीय गेंदबाजों ने 18.1 ओवर में कुल 78 डॉट गेंदें फेंकीं। पाकिस्तान के लिए शवाल जुल्फिकार ने सर्वाधिक 14 और मुनीबा अली ने 13 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकी।

भारत ने आसानी से रौंदा

56 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत तेज रही। शेफाली वर्मा ने पहली गेंद पर छक्का लगाया, लेकिन कप्तान फातिमा सना ने दूसरे ओवर में ही शेफाली (12), प्रतिका रावल (4) और फिर स्मृति मंधाना (9) को आउट कर भारत को झटका दिया। इसके बाद हरमनप्रीत ने नाबाद 18 रन और दीप्ति शर्मा ने नाबाद 12 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। हरमनप्रीत ने छक्का लगाकर मैच खत्म किया।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article