ICC Rankings: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल मैच से पहले आईसीसी ने खिलाड़ियों की ताजा T20I रैंकिंग जारी की है। इसमें भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों को चांदी हो गई है। सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में भारत के लिए मैच जिताऊ पारी खेलने वाले संजू सैमसन ने रैंकिंग में जबदस्त सुधार किया है।
सेमीफाइनल में पहुंच चुकी भारतीय टीम के प्रदर्शन ने रैंकिंग को प्रभावित किया है। खासकर, संजू सैमसन के शानदार फॉर्म के चलते बड़ी छलांग लगाई है। उन्होंने एक साथ 25 खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है। वहीं, बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को भी फायदा हुआ है। गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह जैसे स्टार गेंदबाजों ने भी अपनी रैंकिंग सुधारी है।
संजू सैमसन का जलवा
बल्लेबाजों की रैंकिंग में संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। उन्होंने एक साथ 25 पायदानों की छलांग लगाई है और 65वें स्थान से सीधे 40वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई उनकी नाबाद 97 रन की पारी की वजह से उनके रेटिंग पॉइंट्स अब 549 हो गए हैं। इस पारी के दम पर भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
इसके अलावा भारतीय ओपनर ईशान किशन 5वें से एक पायदान ऊपर चढ़कर चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि तिलक वर्मा ने भी एक स्थान की छलांग लगाई और 7वें से छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। हालांकि, कप्तान सूर्यकुमार यादव को नुकसान हुआ है और वह 7वें स्थान से खिसक गए हैं।
अच्छी खबर यह है कि अभिषेक शर्मा अभी भी नंबर-1 बल्लेबाज बने हुए हैं। उन्होंने टॉप पर अपनी पकड़ मजबूत रखी है। पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान ने फिल सॉल्ट को पीछे कर दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। टॉप-5 में दो भारतीय बल्लेबाज हैं।
बुमराह-अर्शदीप को हुआ फायदा
गेंदबाजों रैंकिंग में भी भारतीय गेंदबाजों का दबदबा दिखा है। जसप्रीत बुमराह ने एक पायदान की छलांग लगाई और 8वें से 7वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इसके अलावा अर्शदीप सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन किया है और 6 खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए 13वें नंबर पर पहुंच गए हैं। मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती टॉप पर कायम हैं और नंबर-1 गेंदबाज बने हुए हैं।
