Yashasvi Jaiswal Wicket: भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पांचवें और अंतिम टेस्ट में जीत के इरादे से शुरुआत की, लेकिन पहले ही सत्र में शीर्ष क्रम लड़खड़ा गया। खासकर ओपनर यशस्वी जायसवाल और अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही, जिस पर टीम इंडिया के पूर्व कोच संजय बांगड़ और पूर्व तेज गेंदबाज वरुण आरोन ने तकनीकी विश्लेषण प्रस्तुत किया।
जायसवाल की तकनीकी चूक पर बांगड़ की सटीक टिप्पणी
यशस्वी जायसवाल इस सीरीज की शुरुआत में एक शानदार शतक लगाकर चर्चा में आए थे, लेकिन उसके बाद से उनका प्रदर्शन लगातार गिरता चला गया है। द ओवल टेस्ट की पहली पारी में वह केवल 2 रन बनाकर गस एटकिंसन की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए।उनके आउट होने के तरीके पर संजय बांगड़ ने विश्लेषण करते हुए कहा कि "जब कोई तेज गेंदबाज राउंड द विकेट आता है, तो आमतौर पर बल्लेबाज अपने स्टंप को कवर करने की कोशिश करता है। लेकिन अगर आप गेंद को मिस कर देते हैं, तो फिर आपको कोई मौका नहीं मिलता। जायसवाल के साथ भी यही हुआ। वह ऑफ स्टंप को कवर करते हुए सीधी गेंद को मिस कर बैठे।"बांगड़ ने यह भी कहा कि बल्लेबाज को मिडिल स्टंप तक की लाइन को समझने की कोशिश करनी चाहिए, न कि ऑफ स्टंप से शुरू करके हर गेंद को वहीं खेलने की आदत बनानी चाहिए।
केएल राहुल की लापरवाही पर वरुण आरोन की प्रतिक्रिया
वहीं केएल राहुल, जो 14 रन बनाकर आउट हुए, ने भी अच्छी शुरुआत को अंजाम तक नहीं पहुंचाया। उन्होंने शुरुआत में कुछ अच्छे कट शॉट्स जरूर लगाए, लेकिन जिस गेंद पर वह आउट हुए, वह तकनीकी रूप से बचाव योग्य थी।इस पर पूर्व तेज गेंदबाज वरुण आरोन ने कहा कि "राहुल अच्छी लय में दिख रहे थे। उन्होंने कट शॉट से रन भी बनाए थे, लेकिन जिस गेंद पर आउट हुए वह बहुत खास नहीं थी। गेंद थोड़ी पीछे रह गई और सीधे विकेट में जा घुसी। वह इस तरह के मौके गंवाकर जरूर निराश होंगे।"
भारत की कमजोर शुरुआत, गंभीर और गिल की रणनीति पर पानी
इस टेस्ट मैच में भारत की कप्तानी शुभमन गिल कर रहे हैं और कोच की भूमिका में गौतम गंभीर हैं। दोनों को उम्मीद रही होगी कि जायसवाल और राहुल मिलकर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाएंगे ताकि टीम शुरुआती दबाव से बच सके। लेकिन दोनों के जल्दी आउट हो जाने से टीम का टॉप ऑर्डर एक बार फिर चिंता का विषय बन गया है।भारत फिलहाल पांच मैचों की सीरीज में 1-2 से पीछे है। ऐसे में यह अंतिम टेस्ट बेहद निर्णायक है। अगर भारत यह मुकाबला जीतता है तो सीरीज 2-2 से ड्रॉ हो जाएगी, अन्यथा इंग्लैंड यह सीरीज अपने नाम कर लेगा।
(IANS)
