देश

'अगर मैं तुम्हारा गला दबा दूं तो...', गुजरात में दूसरी जाति के लड़के से बेटी ने किया प्यार! पिता ने दुपट्टे से घोंट दिया गला

गुजरात के आणंद जिले के मेतपुर गांव में 21 वर्षीय सान्या पटेल की उसके पिता ने कथित तौर पर दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, सान्या दूसरी जाति के युवक ऋषि व्यास से प्रेम करती थी और उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन पिता इस रिश्ते के खिलाफ था।

Image

गुजरात में ऑनर किलिंग, नाराज पिता ने बेटी की हत्या कर दी।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

गुजरात के आणंद जिले के खंभात तालुका स्थित मेतपुर गांव में एक पिता ने अपनी 21 वर्षीय बेटी की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, बेटी सान्या पटेल का दूसरी जाति के युवक के साथ प्रेम संबंध था। पिता कौशल रमणलाल पटेल इस रिश्ते के खिलाफ था और बेटी को बार-बार युवक से संबंध खत्म करने के लिए समझा रहा था। बेटी के तैयार नहीं होने पर उसने दिवाली की सुबह कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी।

खंभात के डीवाईएसपी एच.बी. वाघेला के मुताबिक, आरोपी ने शुरुआत में बेटी की मौत को आत्महत्या बताने की कोशिश की थी। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गला घोंटना सामने आने के बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ में पिता ने हत्या करना कबूल किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

दिवाली की रात परिवार के साथ बैठी थी बेटी

पुलिस के मुताबिक, परिवार मूल रूप से वडोदरा में रहता है। दिवाली की छुट्टियां मनाने के लिए परिवार मेतपुर स्थित अपने घर आया हुआ था, जहां सान्या के दादा-दादी भी रहते हैं। एफआईआर के अनुसार, 8 नवंबर की रात परिवार के सदस्य घर पर मौजूद थे। सान्या की मां, पिता और दादी-बुआ सहित परिवार के अन्य सदस्य रात में घर पर थे। देर रात तक सभी ने साथ बैठकर बातचीत की। इसके बाद परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए।

सान्या के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य घर में ही थे। पिता और बेटी के बीच रात में प्रेम संबंध को लेकर बातचीत हुई। पिता उसे ऋषि व्यास से रिश्ता खत्म करने के लिए समझा रहा था।

सुबह करीब 3:30 बजे दुपट्टे से घोंटा गला

पुलिस के मुताबिक, पिता ने बेटी को पहले नींद की गोलियां दी थीं। इसके बाद रातभर दोनों के बीच बातचीत होती रही। सुबह करीब 3:30 बजे सान्या नहाकर वापस रसोई में आई। इसी दौरान पिता ने उससे कहा कि अगर वह उसका गला दबा दे तो क्या होगा। सान्या ने कथित तौर पर जवाब दिया कि दबा दो।

इसके बाद पिता ने दुपट्टे से उसका गला दबा दिया। जब सान्या ने विरोध करते हुए पूछा कि वह क्या कर रहा है, तब भी उसने गला दबाना जारी रखा। कुछ देर बाद सान्या जमीन पर गिर गई और उसकी मौत हो गई।

पिता ने पहले आत्महत्या बताई

एफआईआर के मुताबिक, बेटी की मौत के बाद पिता ने परिजनों को बताया कि सान्या ने आत्महत्या कर ली है। सुबह करीब 5:30 बजे उसने अपने चाचा को फोन कर घर बुलाया। इसके बाद अन्य परिजन भी वहां पहुंचे और सान्या को खंभात जनरल अस्पताल ले जाया गया।

9 नवंबर को अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि 21 वर्षीय सान्या को मृत अवस्था में लाया गया है। शुरुआती जांच के दौरान डॉक्टरों को शरीर की स्थिति और पिता की ओर से बताई गई घटना के विवरण में विरोधाभास लगा। इसके बाद फॉरेंसिक पोस्टमॉर्टम कराने के लिए शव को करमसद स्थित श्रीकृष्ण अस्पताल भेजा गया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह ‘लिगेचर स्ट्रैंगुलेशन’ यानी गला दबाने से मौत बताई गई। इसके बाद पुलिस ने पिता से दोबारा पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने बेटी की हत्या करने की बात कबूल की।

दूसरी जाति के युवक से प्रेम संबंध था, पिता कर रहा था विरोध

एफआईआर में दर्ज जानकारी के मुताबिक, सान्या का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। पिता कौशल पटेल को इसकी जानकारी थी। वह बेटी को कई बार उस युवक से संबंध खत्म करने के लिए समझा चुका था, लेकिन सान्या उससे फोन पर बात करती रहती थी। डीवीएसपी एच.बी. वाघेला ने बताया कि सान्या उस युवक से शादी करना चाहती थी, जबकि पिता इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं था। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के चलते हत्या की गई।

खंभात टाउन पुलिस ने आरोपी पिता कौशल रमणलाल पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article