क्रिकेट

IND vs PAK: पाकिस्तानी कप्तान ने इस खिलाड़ी को बताया ट्रंप कार्ड, अभिषेक के ठीक होने की बात की

IND vs PAK: भारत के खिलाफ हाई वोल्टेज मुकाबले से पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने हैंडशेक विवाद से लेकर अभिषेक के खेलने और अपनी टीम के ट्रंप कार्ड पर बात की है।

Image

सलमान अली आगा (साभार-X)

IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला रविवार, यानी 15 फरवरी को होने वाला है। इस मुकाबले को लेकर दोनों मुल्कों के फैंस में गजब का उत्साह है। इस मुकाबले पर सब अपनी अलग-अलग राय दे रहे हैं। कोई भारत को जीत का दावेदार बता रहा है तो कोई पाकिस्तान को अपने फेवरेट मान रहा है, लेकिन इस बड़े मुकाबले से पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने जो कहा है उससे इस मैच के रोमांच को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। मैच की पूर्व संध्या पर बोलते हुए कप्तान आगा ने हैंडशेक सहित अभिषेक शर्मा पर खुलकर अपनी राय रखी है। उन्होंने मुकाबले से पहले भारतीय खिलाड़ियों से हाथ मिलाने के सवाल पर कोई सीधा जवाब नहीं दिया लेकिन उम्मीद जताई कि दोनों टीमों के खिलाड़ी खेल की भावना को बनाए रखेंगे।

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पिछले साल सितंबर में दुबई में एशिया कप के दौरान घोषणा की थी कि उनकी टीम अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिकों के सम्मान में पाकिस्तान के साथ हाथ नहीं मिलाएगी। इस फैसले को ’ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय सेना के प्रति एकजुटता के प्रतीक के रूप में भी देखा गया था। सूत्रों के अनुसार, रविवार को भी यही प्रोटोकॉल अपनाए जाने की संभावना है और टॉस के समय या मैच समाप्ति पर दोनों कप्तानों के हाथ मिलाने की उम्मीद नहीं है।

हाथ मिलाने की परंपरा को लेकर पूछे गए सवाल पर आगा ने कहा, "इस बारे में हम कल देखेंगे।" पाकिस्तान के शुरुआती बहिष्कार के बाद मैच को लेकर बनी संवेदनशील स्थिति के बीच सलमान ने किसी भी विवाद से दूर रहने की कोशिश की और कहा कि वह चाहते हैं कि मुकाबला क्रिकेट की भावना के अनुरूप खेला जाए। आगा ने कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि यह खेल उसी भावना के साथ खेला जाए, जिस भावना के साथ इसे शुरुआत से खेला जाता रहा है।"

अभिषेक शर्मा पर क्यो बोले सलमान?

सलमान अली आगा ने अभिषेक शर्मा पर भी बात की। अभिषेक पेट में इंफेक्शन के कारण पिछला मुकाबला नहीं खेल पाए थे। पाकिस्तान के खिलाफ वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे या नहीं, इस पर संस्पेंस बना हुआ है। अभिषेक को लेकर जब सलमान से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा मैं चाहता हूं कि वह फिट हो और कल का मुकाबला खेले। हम बेस्ट टीम के खिलाफ खेलना चाहते हैं।

उस्मान तारिक को बताया ट्रंप कार्ड

मैच से पहले उस्मान तारिक को लेकर खूब हो हल्ला मचा है। कप्तान आगा ने उन्हें अपनी टीम का ट्रंप कार्ड करार दिया। उन्होंने तारिक को लेकर कहा 'आप सबने उस्मान तारिक को बड़ा नाम बना दिया है। हमारे लिए सभी 15 खिलाड़ी महत्वपूर्ण हैं। वह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। आप निश्चित रूप से कह सकते हैं कि वह हमारे लिए ट्रंप कार्ड हैं। आईसीसी ने उन्हें क्लीन चिट दे दी है, इसलिए मुझे समझ नहीं आता कि हर कोई उनके बारे में क्यों बात कर रहा है। उस्मान इन बातों से प्रभावित नहीं होते। वह ठीक हैं। उन्हें इन चीजों की परवाह नहीं है।

भारत के खिलाफ 1-7 रिकॉर्ड पर आगा ने क्या कहा?

टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत 7-1 से आगे है। इस रिकॉर्ड पर बोलते हुए कप्तान आगा ने कहा 'निश्चित रूप से, भारतीयों के खिलाफ हमारा रिकॉर्ड अच्छा नहीं है, लेकिन हम इतिहास नहीं बदल सकते, और हर दिन एक नया दिन होता है।"
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article