क्रिकेट

IND vs PAK: हाथ नहीं मिलाने पर पहली बार सामने आई सलमान अली आगा की प्रतिक्रिया, बोले-मैं किसी को नहीं रोकूंगा

IND vs PAK: एशिया कप के फाइनल से पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने खुलकर भारत-पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच चल रहे तनाव पर खुलकर बात की है। उन्होंने पहली बार हाथ न मिलाने के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी।

Image

सलमान अली आगा (साभार-ACC)

IND vs PAK: पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने शनिवार को पहली बार सूर्यकुमार यादव और टीम इंडिया के हाथ न मिलाने के मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ एशिया कप फाइनल में वह अपने खिलाड़ियों को तब तक खुद को अभिव्यक्त करने से नहीं रोकेंगे जब तक कि वह अनादरपूर्ण नहीं हो। पिछले मैचों में हारिस रऊफ के भड़काऊ हाव-भाव ने काफी बहस छेड़ दी थी, लेकिन आगा ने अपने तेज गेंदबाजों को नियंत्रित करने से मना करते हुए कहा कि आक्रामकता उनके काम का एक अभिन्न अंग है। भारत और पाकिस्तान की टीमें रविवार के पहली बार एशिया कप फाइनल में एक-दूसरे का सामना करेगी।

आगा ने कहा, ‘‘हर व्यक्ति को अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का अधिकार है। अगर हम तेज गेंदबाजों को खुद को अभिव्यक्त करने से रोकेंगे तो बचेगा ही क्या? मैं किसी को नहीं रोकूंगा जब तक कि वह अनादरपूर्ण नहीं हो।’’ इस हरफनमौला ने भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर कटुता को स्वीकार करते हुए कहा कि उनकी टीम हालांकि बाहरी शोर से प्रभावित नहीं है।

भारत-पाकिस्तान मैच का दबाव होता ही है-

आगा ने कहा, ‘‘भारत बनाम पाकिस्तान के मैच में दबाव होता ही है। पिछले दो मैचों में हम इसलिए हारे क्योंकि हमने ज्यादा गलतियां कीं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ फाइनल में दोनों टीमों पर एक जैसा दबाव होगा। भारतीय मीडिया क्या कहती है, हमें इसकी परवाह नहीं है। हमारे लिए यह सिर्फ बुनियादी चीजों को सही करने के बारे में है।’’ इस बड़े मुकाबले में पाकिस्तान का नेतृत्व करने को तैयार आगा इस मौके पर अपनी आलोचना करने से भी पीछे नहीं हटे।

स्ट्राइक रेट पर बोले सलमान आगा

उन्होंने कहा, ‘‘हां, मैंने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है और मेरा स्ट्राइक रेट उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। यह कोई जरूरी नहीं कि 150 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की जाये। परिस्थितियों की जरूरत के मुताबिक खेलना जरूरी है।’’ भारत-पाकिस्तान मैचों में भावनाएं क्रिकेट से परे चला जाता है, लेकिन आगा ने जोर देकर कहा कि राजनयिक उतार-चढ़ाव के बावजूद खेल भावना हमेशा बनी रही है।

जब हालात मुश्किल थे तब भी हाथ मिलाया

उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने 2007 में अंडर-16 क्रिकेट खेलना शुरू किया था। मैंने कभी किसी टीम को हाथ मिलाने से परहेज करते हुए नहीं देखा है। जब भारत-पाक संबंध खराब थे, तब भी हम हाथ मिलाते थे।’’ इस मैच को लेकर क्रिकेट विशेषज्ञ और टेलीविजन स्टूडियो में खिलाड़ियों के हर हाव-भाव और शब्द का विश्लेषण कर रहे हैं, ऐसे में आगा का अपने खिलाड़ियों को जो चीजें उनके नियंत्रण में नहीं है उससे परहेज करते हुए ट्रॉफी पर नजर रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा, ‘‘हम बाहर की चीजों को नियंत्रित नहीं कर सकते। हम केवल उन चीजों को नियंत्रित कर सकते हैं जो हमारे हाथ में है और यह एशिया कप जीतना है।”

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article