इजरायल जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में कैप्टन पर हमला करने और विमान के कंट्रोल पर कब्जे की कोशिश करने वाले को-पायलट की पहचान हमाम अल-हम्मामी के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, वह ओमान का नागरिक है और उसे पहले ओमान की राष्ट्रीय एयरलाइन में उड़ान भरने से रोक दिया गया था। उस पर कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारों को लेकर चिंता थी।
कॉकपिट में कुल्हाड़ी से किया हमला
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) इस मामले की जांच कर रहा है। UAE के मुताबिक, बुधवार को को-पायलट ने कॉकपिट में रखी क्रैश एक्स से कैप्टन पर हमला किया और विमान का कंट्रोल अपने हाथ में लेने की कोशिश की। जांच अधिकारियों ने इसे ‘आतंकी हमला’ बताया है। हमले के बाद विमान तेजी से नीचे जाने लगा। फ्लाइट में 182 लोग सवार थे। स्थिति बिगड़ने पर कुछ यात्री और अन्य लोग कॉकपिट में पहुंचे और को-पायलट को काबू में किया।
कैप्टन ने घायल होने के बावजूद खोला कॉकपिट का दरवाजा
हमले में कैप्टन गंभीर रूप से घायल हुए। कैप्टन स्मित मच्छार ने बताया कि हमले से कुछ समय पहले को-पायलट ने नमाज पढ़ने की बात कही थी। उन्होंने सम्मान के चलते दूसरी ओर मुंह कर लिया। कुछ मिनट बाद उनके सिर के पीछे वार किया गया और इसके बाद लगातार हमले होते रहे। घायल होने के बावजूद कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद विमान में मौजूद लोगों ने को-पायलट को काबू करने में मदद की और फ्लाइट को संभालने की कोशिश की।
