Trump on Iran: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर कहा है कि अमेरिका जल्द ही इस मामले में फैसला करेगा। उन्होंने कहा कि यह फैसला “आसान तरीके या मुश्किल तरीके” से होगा। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान पहले ही बुरी तरह कमजोर हो चुका है। हालांकि, उन्होंने अपने अगले कदम को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
ईरान पर फैसले को लेकर ट्रंप का बयान
व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, “ईरान पर एक फैसला है जो मैं करूंगा। ईरान को तबाह कर दिया गया है। इसलिए एकमात्र सवाल यह है कि यह आसान तरीके से होगा या मुश्किल तरीके से।” ट्रंप ने अपने संभावित कदमों या उनकी समयसीमा के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि ईरान के मामले में स्थिति उनके अनुसार आगे बढ़ रही है, जबकि ईरान की स्थिति अच्छी नहीं है।
ट्रंप बोले- योजना बताऊंगा तो बड़ी खबर बन जाएगी
इससे एक दिन पहले भी ट्रंप से ईरान को लेकर उनकी अगली रणनीति के बारे में सवाल किया गया था। तब उन्होंने कहा था कि अगर वह अपनी योजना बता देंगे तो यह बड़ी खबर बन जाएगी। ट्रंप ने कहा था कि चीजें अच्छी तरह आगे बढ़ रही हैं और “ईरान अच्छा नहीं कर रहा है।”
