क्रिकेट

Irani Cup Final: रविचंद्रन स्मरण का नाबाद शतक, शेष भारत ने दूसरी पारी में की जम्मू-कश्मीर के खिलाफ शानदार वापसी

शेष भारत ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ ईरानी कप के तीसरे दिन शानदार वापसी की है। रविचंद्रन स्मरण के शतक की बदौलत शेष भारत ने दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए बड़ी बढ़त बना ली है।

Image

रविचंद्रन स्मरण (फोटो क्रेडिट Disney HotStar Screen Grab)

श्रीनगर: शेष भारत ने रविचंद्रन स्मरण की सयंम से खेली गई 126 रन की नाबाद पारी की बदौलत शनिवार को ईरानी कप मैच के तीसरे दिन स्टंप तक आठ विकेट पर 306 रन बनाकर जम्मू-कश्मीर के खिलाफ 265 रन की बढ़त हासिल कर ली। स्मरण ने 131 गेंद की पारी में 15 चौके और पांच छक्के लगाये जबकि सलामी बल्लेबाज सनत सांगवान ने 55 रन बनाए। इससे शेष भारत मजबूत स्थिति में पहुंच गया है।

पंत और सरफराज का फ्लॉप शो जारी

मेजबान टीम की ओर से साहिल लोटरा (71 रन देकर तीन विकेट) और उमर नजीर मीर (87 रन देकर तीन विकेट) गेंदबाजों में सबसे प्रभावी रहे, लेकिन भारत के बल्लेबाज ऋषभ पंत (08) और सरफराज खान (शून्य) की नाकामी के बावजूद शेष भारत के बल्लेबाजों ने अपनी टीम को बढ़त दिला दी। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे पंत का लगातार दूसरी बार प्रदर्शन निराशाजनक रहा। उन्हें लोटरा ने पगबाधा आउट कर दिया। इससे पहले पांचवें नंबर पर उतरे सरफराज खराब फुटवर्क के कारण आउट हो गए।

सांगवान और स्मरण ने कराई शेष भारत की वापसी

शेष भारत की टीम बीती रात जम्मू-कश्मीर से 17 रन से पीछे थी और उसने एक विकेट ही गंवाया था। फिर शेष भारत के सांगवान और सुदीप कुमार घरामी (33) ने अच्छी शुरुआत करते हुए 50 रन की साझेदारी की। बाएं हाथ के सांगवान को दूसरे छोर पर सारांश जैन का साथ मिला और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़कर शेष भारत को आगे कर दिया। सांगवान ने आउट होने से पहले 160 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 55 रन बनाए। इसके बाद नजीर ने सारांश (25) को और चार गेंदों के अंतराल में सरफराज को आउट कर दिया। लेकिन स्मरण को मानव सुथार (16) के रूप में भरोसेमंद साझेदार मिला जिनके साथ उन्होंने छठे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। फिर उन्होंने मुकेश चौधरी (नाबाद 09) के साथ नौवें विकेट की साझेदारी में नाबाद 109 रन जोड़ दिए।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article