क्रिकेट

Rohit Sharma Injury: आरसीबी के खिलाफ बीच मैच में बाहर चले गए रोहित शर्मा, जानें कारण

Rohit Sharma Injury: आरसीबी के खिलाफ मैच में उस वक्त रोहित शर्मा और मुंबई इंडियंस टीम मैनेजमेंट की समस्या बढ़ गई जब बीच मैच मे हिटमैन को बाहर जाना पड़ा। रोहित पावरप्ले के आखिरी ओवर में तकलीफ में नजर आए और इसके फौरन बाद वह रिटायर्ड हर्ट होकर बाहर चले गए।

Image

रोहित शर्मा (साभार-X)

Rohit Sharma Injury: आरसीबी के खिलाफ आईपीएल के 20वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा की तूफानी बैटिंग की जरुरत थी, लेकिन हिटमैन ऐसा नहीं कर पाए। उन्हें बीच मैच में मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा। आरसीबी के खिलाफ 241 रन का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की ओर से पारी की शुरुआत रोहित और रिकल्टन की। दोनों 32 गेंद में 57 रन की साझेदारी कर चुके थे। ऐसा लग रहा था कि रोहित और रिकल्टन मिलकर मुंबई की नैय्या पार लगा देंगे, लेकिन अचानक रोहित शर्मा मैदान छोड़कर बाहर चले गए।

पावरप्ले के आखिरी ओवर की घटना

पावरप्ले का आखिरी ओवर चल रहा था। रसिख सलाम डार गेंदबाजी कर रहे थे। छठे ओवर की दूसरी गेंद पर जैसे ही रोहित शर्मा स्ट्राइक पर आए उन्हें हैमस्ट्रिंग की समस्या हुई। इससे पहले कि रसिख तीसरी गेंद डाल पाते रोहित ने मैदान से बाहर जाना सही समझा। रोहित जब रिटायर्ड हर्ट हुए तब वह 13 गेंद में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 19 रन बना चुके थे।

रोहित ने पूरे किए 6000 रन

इससे पहले रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए 6,000 रन भी पूरे कर लिए। वह किसी एक टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में नंबर दो पर पहुंच गए। टॉप पर विराट कोहली हैं। वह आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।

एक टीम के लिए सबसे ज्यादा रन

8840 रन – विराट कोहली (RCB)

6002 रन* – रोहित शर्मा(MI)

4865 रन – एमएस धोनी (CSK)

4687 रन – सुरेश रैना (CSK)

4491 रन – एबी डिविलियर्स (RCB)

मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने टॉप थ्री के अर्धशतकीय पारी के दम पर 4 विकेट के नुकसान पर 240 रन का स्कोर खड़ा किया। यह मुंबई इंडियंस के खिलाफ आरसीबी का सबसे बड़ा स्कोर भी है। आरसीबी की ओर से फिल सॉल्ट ने 78, विराट कोहली ने 50 और रजत पाटीदार ने 53 रन की पारी खेली।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article