क्रिकेट

IND vs AFG: सचिन और सहवाग छूटे पीछे, रोहित शर्मा ने वनडे में रच दिया इतिहास

रोहित शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। रोहित ने बतौर सलामी बल्लेबाज 16,000 रन पूरे कर लिए। सचिन और सहवाग कोई यह कारनामा भारत के लिए नहीं कर पाए थे।

Image

रोहित शर्मा (साभार-X)

IND vs AFG ODI: बारिश से प्रभावित भारत-अफगानिस्तान पहले वनडे मैच मे भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने बतौर ओपनर इतिहास रच दिया। वह भारत के पहले सलामी बल्लेबाज बन गए जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 16,000 रन पूरे कर लिए। रोहित ने वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़कर यह मुकाम हासिल कर लिया और ऐसा करने वाले पहले सलामी बल्लेबाज बने। इससे पहले जैसे ही उन्होंने मैदान पर कदम रखा वह भारत के लिए इस फॉर्मेट में खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। उनकी वर्तमान उम्र 39 साल 36 दिन है और उन्होंने मोहिंदर अमरनाथ का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

छक्का जड़कर हासिल की उपलब्धि

रोहित शर्मा ने तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का जड़कर 16,000 इंटरनेशनल रन पूरे किए। उन्होंने अजमतुल्लाह ओमजरई की गेंद पर छक्का जड़कर यह कारनामा किया, हालांकि, रोहित अपनी पारी को बड़ा नहीं बना पाए और 16 रन बनाकर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। उन्होंने अपनी छोटी सी पारी में 2 चौके और एक छक्का जड़ा।

ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा रन

अब सलामी बल्लेबाज के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में रोहित टॉप पर हैं। नंबर दो पर वीरेंद्र सहवाग हैं जिनके नाम 15,758 रन हैं। नंबर 3 पर सचिन तेंदुलकर हैं जिन्होंने बतौर सलामी बल्लेबाज 15,335 रन बनाए।

रोहित शर्मा - 16,000

वीरेंद्र सहवाग- 15758

सचिन तेंदुलकर- 15335

मैच की बात करें तो बारिश से प्रभावित 25-25 ओवर के मैच में कप्तान गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। अफगानिस्तान की ओर से रहमानुल्लाह गुरबाज ने 103 रन की पारी खेली। उनके शतकीय पारी के दम पर अफगानिस्तान ने 24.5 ओवर में 194 रन बनाए। भारत की ओर से डेब्यू कर रहे दो गेंदबाजों ने 3-3 विकेट चटकाए। हर्ष दुबे और गुरनूर ब्रार ने डेब्यू में 3-3 विकेट चटकाए।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article