क्रिकेट

रोहित शर्मा बने टेस्ट में भारत के 17वें चार हजारी, मुकाम पर पहुंचने के लिए खेलीं इतनी पारी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 26, 2024, 09:09 AM IST

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा टेस्ट क्रिकेट इतिहास में 4 हजार रन पूरे करने वाले 17वें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्हें इस मुकाम पर पहुंचने के लिए 100 पारियां खेलनी पड़ीं।

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP

Rohit Sharma 4000 Test runs: टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने रविवार को रांची में खेले जा रहे इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट के तीसरे दिन एक बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल कर ली। रोहित ने रांची टेस्ट के तीसरे दिन टेस्ट क्रिकेट में 4 हजार रन पूरे कर लिए। रोहित ने ये उपलब्धि अपने करियर के 58वें टेस्ट की 100वीं पारी में हासिल की। रोहित सबसे धीमी गति से चार हजार टेस्ट रन पूरे करने वाले पांचवें भारतीय हैं।

4000+ रन बनाने वाले 17वें भारतीय

रांची टेस्ट की पहली पारी में रोहित महज 2 रन बनाकर जेम्स एंडरसने की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे थे। लेकिन दूसरी पारी में जीत के लिए 192 रन के लक्ष्य का पीछा करने रोहित आक्रामक अंदाज में उतरे और दिन का खेल खत्म होने पर 24* रन बनाकर नाबाद पवेलियन वापस लौटे। दूसरी पारी में 21 रन के आंकड़े को पार करते ही रोहित ने टेस्ट में 4 हजार रन के आंकड़े को पार कर लिया। रोहित इस मुकाम पर पहुंचने वाले 17वें भारतीय प्लेयर हैं।

100वीं टेस्ट पारी में पूरे किए 4 हजार रन

साल 2013 में कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक जड़कर टेस्ट करियर का शानदार आगाज करने वाले रोहित शर्मा को इस मुकाम पर पहुंचने में 10 साल से ज्यादा का वक्त लगा। रोहित के खाते में अब 58 मैच की 100 पारियों में 4003* रन दर्ज हो गए हैं। ये रन रोहित ने 44.98 के औसत से बनाए हैं। इसमें 11 शतक और 16 अर्धशतक शामिल हैं। 212 रोहित का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।

शानदार रहा है मौजूदा सीरीज में प्रदर्शन

मौजूदा टेस्ट सीरीज में रोहित अच्छे फॉर्म में हैं लेकिन कई बार अच्छी शुरुआत को बड़ी पारियों में तब्दील करने में नाकाम रहे हैं। रोहित इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में अबतक कुल 266 रन 38 के औसत और 65.35 के स्ट्राइकरेट से बना चुके हैं। जिसमें राजकोट में खेली 131 रन की शतकीय पारी भी शामिल है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article