
Ind Vs Eng 4th Test Day 4, Highlights: टीम इंडिया का घर में दबदबा जारी, इंग्लैंड को हराकर सीरीज पर जमाया कब्जा
टीम इंडिया ने चौथे टेस्ट मुकाबले में इंग्लैंड को 5 विकेट से हराया। इसी जीत के साथ टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज पर भी 3-1 कब्जा जमा लिया। इसके साथ ही टीम इंडिया का घर में एक बार फिर दबदबा रहा। रांची में खेले गए चौथे टेस्ट के चौथे दिन टीम इंडिया ने दूसरी पारी को 40 रन से आगे खेलना शुरू किया। 192 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने 61 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को अच्छी शुरुआत दी। यशस्वी जायसवाल ने भी रोहित का साथ दिया। उन्होंने 5 चौके की मदद से 37 रन बनाए। शुभमन गिल ने भी नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, रजज पाटीदार, रवींद्र जडेजा और सरफराज खान बड़ी पारी नहीं खेल पाए। इंग्लैंड के शोएब बशीर ने दूसरी पारी में भी शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 26 ओवर में 79 रन देकर सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए।
बता दें कि मेहमान टीम इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 104.5 ओवर में 353 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी टीम इंडिया ने 103.2 ओवर में 307 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड की टीम को पहली पारी में 46 रन की बढ़त मिली। लेकिन दूसरी पारी में इंग्लैंड टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। टीम ने 53.3 ओवर में 145 रन पर ऑलआउट हो गई और टीम इंडिया को 192 रन का लक्ष्य दिया था।