क्रिकेट

IND vs SA: पहले वनडे में ही इतिहास रचेगी रोहित-कोहली की जोड़ी, टूट जाएगा सचिन-द्रविड़ का रिकॉर्ड

IND vs SA: टेस्ट में करारी हार झेलने वाली टीम इंडिया अब वनडे में अपना दम दिखाने वाली है। इस फॉर्मेट में टीम इंडिया का पलड़ा भारी होगा क्योंकि रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी हो रही है। इन दोनों के पास इतिहास रचने का मौका है।

Image

रोहित और विराट (साभार-X)

IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 30 नवंबर से तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। पहला मुकाबला रांची में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया में धमाल मचाने के बाद विराट-रोहित की जोड़ी अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ इतिहास की दहलीज पर है। 2027 वर्ल्ड कप खेलने के सपने को जिंदा रखने के लिए इस जोड़ी को हर एक मैच में अपना बेस्ट देना होगा। हालांकि, पहला मुकाबला बेहद खास होने वाला है क्योंकि इस मैच के साथ विराट कोहली और रोहित शर्मा की जोड़ी इतिहास रच देगी।

इस मुकाबले के साथ रोहित शर्मा और विराट कोहली एक साथ सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। इसी के साथ कोहली-रोहित की जोड़ी सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ देगी, जिन्होंने एक साथ 391 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।फिलहाल रोहित-कोहली की जोड़ी ने भी इतने ही मैच एक साथ खेले हैं। सचिन तेंदुलकर के अलावा, राहुल द्रविड़ ने पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के साथ 369 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। यह जोड़ी लिस्ट में दूसरे पायदान पर है। वहीं, सचिन तेंदुलकर और अनिल कुंबले 367 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में एक साथ नजर आ चुके हैं।

सचिन तेंदुलकर ने सौरव गांगुली के साथ 341 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। यह जोड़ी लिस्ट में चौथे स्थान पर है, जबकि विराट कोहली और रवींद्र जडेजा की जोड़ी 309 मुकाबलों के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद है। भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 0-2 से टेस्ट सीरीज गंवाई है। ऐसे में टीम इंडिया सीमित ओवरों की सीरीज जीतकर साउथ अफ्रीका से हिसाब बराबर करना चाहेगी।

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला वनडे मैच 30 नवंबर को रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम परिसर में खेला जाएगा, जिसके बाद 3 दिसंबर को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में दूसरे मैच का आयोजन होगा। सीरीज का तीसरा मुकाबला विशाखापत्तनम के राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे इतिहास में साल 1991 से अब तक कुल 94 मैच खेले गए हैं, जिसमें साउथ अफ्रीका का पलड़ा भारी रहा है। साउथ अफ्रीकी टीम ने अब तक 51 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि भारत ने 30 मुकाबलों में जीत दर्ज की। इनके अलावा, 3 मुकाबले बेनतीजा रहे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article