क्रिकेट

हार के बाद लखनऊ को एक और झटका, कप्तान पंत पर लगा भारी जुर्माना

MI vs LSG: आईपीएल के 45वें मैच में लखनऊ को मुंबई के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद भी लखनऊ की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब लखनऊ की टीम पर बीसीसीआई ने जुर्माना लगाया है। उन पर यह जुर्माना स्लो-ओवर रेट के कारण लगा है।

Image

ऋषभ पंत (साभार-IPL)

MI vs LSG: लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के कप्तान ऋषभ पंत पर रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपनी टीम की 54 रन की हार के दौरान धीमी ओवर गति के लिए 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। आईपीएल ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘चूंकि यह आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत न्यूनतम ओवर गति उल्लघंन से संबंधित उनकी टीम का सत्र का दूसरा उल्लघंन था तो पंत पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। ’’

इसमें कहा गया, ‘‘इम्पैक्ट खिलाड़ी सहित अंतिम एकादश के बाकी सदस्यों पर या तो छह लाख रुपये या उनकी संबंधित मैच फीस का 25 प्रतिशत (जो भी कम हो) का जुर्माना लगाया जाएगा। ’’ मुंबई इंडियंस ने सात विकेट पर 215 रन बनाए और फिर एलएसजी को 161 रन पर आउट कर आईपीएल में अपनी लगातार पांचवीं जीत दर्ज की।

पंत का फ्लॉप शो जारी

आईपीएल 2025 में ऋषभ पंत का फ्लॉप शो मुंबई के खिलाफ भी जारी रहा। उन्होंने 10 मैचों में 110 रन में बनाये हैं जिसमें वह छह बार इकाई अंक पर आउट हुए। उनकी चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 63 रन की पारी ही शानदार रही थी। पंत मुंबई इंडियंस से मिली 54 रन की हार के दौरान पार्टटाइम स्पिनर विल जैक्स की गेंद पर आउट हो गए। पंत ने 2 गेंद में 4 रन बनाए। इस हार के बावजूद भी पंत एंड कंपनी के प्लेऑफ में पहुंचने का सफर खत्म नहीं हुआ है। उसे अपने बाकी बचे 4 मैच में 3 जीत दर्ज करनी है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article