क्रिकेट

इयान चैपल ने कहा, इन दो खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी है टीम इंडिया की ऑस्ट्रेलिया में सीरीज की हैट्रिक

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज कप्तान इयान चैपल ने कहा है कि भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर सीरीज जीत की हैट्रिक का सपना इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन और फिटनेस पर टिका है। जानिए उन्होंने इस बारे में और क्या कहा?

Image

भारतीय क्रिकेट टीम

Photo : AP

नई दिल्ली: पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान इयान चैपल ने कहा कि अगर भारत को ऑस्ट्रेलिया में श्रृंखलाओं की जीत की ऐतिहासिक हैट्रिक हासिल करनी है तो तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को चोटों से मुक्त और शीर्ष फॉर्म में रहना होगा। चैपल को लगता है कि भारतीय टीम के लिए इस विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप चक्र में पांच टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ द्विपक्षीय श्रृंखला से पहले आदर्श तैयारी है जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टेस्ट भी शामिल हैं।

बुमराह-पंत का फॉर्म और फिटनेस रहेगी सबसे अहम

चैपल ने ‘ईएसपीएन क्रिकइन्फो’ में अपने कॉलम में लिखा,'भारत की प्राथमिकता यही होगी कि उसके ज्यादातर खिलाड़ी फॉर्म में रहें और उन्हें कोई बड़ी चोट नहीं लगे। हालांकि सबसे ज्यादा जरूरी बात जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत का फॉर्म में रहना और चोटों से मुक्त रहना होगा। पंत ने भयानक कार दुर्घटना के बाद जिस तरह से टेस्ट में वापसी की है, वह शानदार है। वह भारतीय बल्लेबाजी क्रम में अहम विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं और अगर वह ऑस्ट्रेलियाई दौरे के लिए फॉर्म में रहते हैं तो टीम का मनोबल बढ़ा रहेगा।'

ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों के लिए परफेक्ट हैं पंत

पंत 2020-21 में भारत को ऑस्ट्रेलिया में पिछली श्रृंखला में मिली जीत के नायक रहे थे। चैपल ने कहा,'अगर पंत अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकते हैं तो यह भारत के लिए अच्छा होगा क्योंकि वह ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों के लिए आदर्श विकेटकीपर हैं।'

चैपल ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में भारत के लिए अहम पहलू बुमराह की फिटनेस और फॉर्म होगी। बुमराह ने अगस्त 2023 में पीठ के निचले हिस्से में ‘स्ट्रेस फ्रेक्चर’ सर्जरी के बाद वापसी के बाद से अपना कार्यभार अच्छी तरह प्रबंधित किया है। उन्होंने कहा,'पिछले ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर दो सबसे सफल तेज गेंदबाज बुमराह और मोहम्मद सिराज दोनों की अच्छी फॉर्म और फिटनेस जरूरी है। बुमराह तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करते हैं।'

मोहम्मद शमी लाएंगे बॉलिंग में वेरिएशन

वह मोहम्मद शमी के भी श्रृंखला शुरू होने से पहले फिट होने की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने कहा,'अगर मोहम्मद शमी ऑस्ट्रेलिया के लिए फिट हो जाते हैं तो यह आदर्श होगा और उनकी मौजूदगी से भारत के गेंदबाजी आक्रमण में विविधता भी बढ़ेगी। जडेजा और अश्विन के साथ स्पिन गेंदबाजी भी अच्छी है। लेकिन मैं ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर कुलदीप यादव की अहमियत को कम नहीं आकूंगा।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article