क्रिकेट

IND vs SL Test Series: जसप्रीत बुमराह की जगह आकिब नबी को मिल सकता है टेस्ट टीम में मौका

जसप्रीत बुमराह की जगह श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को मौका मिल सकता है। उनके नाम का आधिकारिक तौर पर ऐलान बाकी है।

Image

आकिब नबी (फोटो क्रेडिट AI Generated)

नई दिल्ली: भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह घुटने की चोट से पूरी तरह नहीं उबर पाने के कारण श्रीलंका के दो टेस्ट मैचों के दौरे से बाहर रह सकते हैं। जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को भारतीय सीनियर टीम में पहली बार शामिल किए जाने की पूरी संभावना है। नबी सीनियर राष्ट्रीय टीम में जगह पाने वाले जम्मू-कश्मीर के तीसरे खिलाड़ी होंगे। इससे पहले परवेज रसूल और उमरान मलिक को सीमित ओवरों की भारतीय टीम में बुलावा मिल चुका है।

मिल गई है आकिब के नाम को मंजूरी, ऐलान बाकी

भारतीय क्रिकेट बोर्ड के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा,'बुमराह फिट नहीं हैं और उनकी जगह आकिब नबी के नाम को मंजूरी दे दी गई है।' आकिब ने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सत्र में 100 से अधिक विकेट लिए हैं और जम्मू-कश्मीर के लाल गेंद के क्रिकेट में शानदार सफलता के सूत्रधार रहे हैं। वह निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी करने में भी सक्षम हैं। बुमराह के घुटने में सूजन शुरुआत में जितनी सामान्य लग रही थी उससे अधिक गंभीर प्रतीत हो रही है। ऐसे में बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की खेल विज्ञान टीम इस अनुभवी तेज गेंदबाज को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की कड़ी चुनौती में जल्दबाजी में उतारने के पक्ष में नहीं है क्योंकि आगे का कार्यक्रम काफी व्यस्त है।

बुमराह को जोखिम में नहीं डालने का हुआ फैसला

बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया,'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) का संचालन करने वाले धनंजय और तुलसी ने फैसला किया है कि बुमराह को जोखिम में नहीं डाला जा सकता। हालांकि शुरुआत में टीम प्रबंधन और चयन समिति को यह विश्वास दिलाया गया था कि बुमराह कम से कम दो टेस्ट मैच में से एक के लिए उपलब्ध रह सकते हैं।'

लॉर्ड्स टेस्ट में हो गए थे चोटिल, उसके बाद बुमराह नहीं खेले हैं टेस्ट

श्रीलंका के खिलाफ श्रृंखला की शुरुआत 15 अगस्त से गॉल में होगी। इंग्लैंड के खिलाफ 32 वर्षीय बुमराह लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे एकदिवसीय मैच में चोटिल होने के बाद नहीं खेल पाए थे। वह हाल ही में बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचे थे और उम्मीद थी कि दो सप्ताह बाद शुरू होने वाली श्रृंखला तक वह मैच के लिए फिट हो जाएंगे। हालांकि पता चला है कि बुमराह को अब भी कुछ परेशानी महसूस हो रही है। अगर वह 15 अगस्त या 23 अगस्त से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले फिट भी हो जाते हैं तो भी चिकित्सा टीम इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं है कि धीमी पिचों पर गेंदबाजी के अधिक बोझ को देखते हुए टेस्ट क्रिकेट उनके लिए सही प्रारूप होगा।

यश ठाकुर से मिल रही थी नबी को चुनौती

टीम में बुमराह की जगह के लिए नबी को हालांकि विदर्भ के यश ठाकुर से चुनौती मिलती दिख रही है। नीतीश कुमार रेड्डी (पैर की मांसपेशियों में खिंचाव), हर्षित राणा (पैर की मांसपेशियों में खिंचाव) और वाशिंगटन सुंदर (पैर की मांसपेशियों में खिंचाव) पहले ही चोटों से जूझ रहे हैं। वाशिंगटन कम से कम पहले टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे। बी साई सुदर्शन के मामले में वह फिलहाल सीओई में रोज़ाना करीब 75 मिनट तक नेट्स में बल्लेबाजी कर रहे हैं और हाल में श्रीलंका में भारत ए की श्रृंखला के दौरान लगी पैर की चोट से धीरे-धीरे उबर रहे हैं। अगले कुछ दिनों में यह स्पष्ट हो जाएगा कि वह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के लिए उपलब्ध रहेंगे या नहीं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article