कराची: इंग्लैंड (England Cricket team) और पाकिस्तान (Pakistan Cricket team) के बीच टेस्ट सीरीज की शुरूआत से पहले बेन स्टोक्स ने एक घोषणा करके फैंस का दिल जीत लिया है। बेन स्टोक्स (Ben Stokes) ने घोषणा की थी कि वो पाकिस्तान में अपनी पूरी टेस्ट सीरीज की मैच फीस को बाढ़ पीड़ितों के लिए दान करेंगे। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी (Shahid Afridi) ने बेन स्टोक्स के इस रवैये की जमकर तारीफ की और कहा कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का एक-दूसरे से ज्यादा याराना बढ़ रहा है।
शाहिद अफरीदी ने भारतीय जमीन पर विश्व कप में पाकिस्तान की अगुवाई करने के समय को याद करते हुए कहा कि उनकी टीम को जितनी इज्जत भारत से मिली, उतनी पाकिस्तान से भी नहीं मिली। अफरीदी ने समा टीवी से बातचीत में कहा, 'मेरा हमेशा से इसमें विश्वास है। जब हम विश्व कप के लिए भारत गए थे तो मैं टीम का कप्तान था। मैंने पहले भी कहा कि जितनी इज्जत हमें भारत से मिली, उतनी तो पाकिस्तान से भी नहीं मिली। उस समय की स्थिति में यह सकारात्मक संदेश है।'
उन्होंने आगे कहा, 'संदेह था कि हम भारत की यात्रा करेंगे या नहीं। एक एथलीट होने के नाते, पूरी दुनिया आपको देखती है। आप हमेशा अपने देश की इज्जत को बनाए रखना चाहते हैं। बेन स्टोक्स का रवैया शानदार लगा। ये अच्छा संदेश था। ऐसी चीजें ज्यादा होना चाहिए। खिलाड़ी अब गहरे यार बन रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एकसाथ ड्रेसिंग रूम शेयर करते हैं।' पता हो कि इंग्लैंड की टीम 17 साल में पहली बार पाकिस्तान में टेस्ट सीरीज खेलने आई है।
दोनों देशों के बीच टी20 वर्ल्ड कप से पहले सात पाकिस्तान में सात टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली गई थी, जिसे इंग्लैंड ने 4-3 से जीता था। अब दोनों देशों के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। रावलपिंडी में पहला टेस्ट मैच जारी है। इंग्लैंड की पहली पारी 657 रन पर ऑलआउट हुई, जिसके जवाब में पाकिस्तान ने समाचार लिखे जाने तक 84 ओवर में तीन विकेट खोकर 300 रन बना लिए हैं।
