क्रिकेट

विराट कोहली के बाद पार्थिव पटेल को ऑफर हुई थी RCB की कप्तानी, फिर क्यों अधूरा रह गया सपना

Parthiv Patel: आकाश चोपड़ा ने जब पार्थिव से सीधा सवाल किया कि क्या उन्हें RCB की कप्तानी ऑफर हुई थी, तो पार्थिव ने इसकी पुष्टि की। टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने बताया है कि फ्रेंचाइजी ने उन्हें IPL 2019 से पहले कप्तानी की पेशकश की थी।

Image

पार्थिव पटेल (फोटो साभार- @parthiv9)

Parthiv Patel: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की कप्तानी को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने बताया है कि फ्रेंचाइजी ने उन्हें IPL 2019 से पहले कप्तानी की पेशकश की थी। यह बात पार्थिव ने पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान बताई। उन्होंने कहा कि यह किस्सा उन्होंने आज से पहले कभी पब्लिक में शेयर नहीं किया था।

आकाश चोपड़ा के शो में पार्थिव ने किया खुलासा

आकाश चोपड़ा ने जब पार्थिव से सीधा सवाल किया कि क्या उन्हें RCB की कप्तानी ऑफर हुई थी, तो पार्थिव ने इसकी पुष्टि की। पार्थिव ने कहा, "मैंने इस बारे में कभी बात नहीं की है, लेकिन मोईन अली ने एक इंटरव्यू में इसका जिक्र किया था। सच यह है कि मुझसे कहा गया था, तैयार रहो, हम अगले साल के लिए इस बारे में सोच रहे हैं।" पार्थिव ने आगे बताया कि अगले साल तक पूरा मैनेजमेंट ही बदल गया और उनका कप्तान बनने का सपना अधूरा रह गया। उन्होंने कहा, "लेकिन अगले साल, जिन दो लोगों ने मुझे यह ऑफर दिया था, उन्हें रिप्लेस कर दिया गया, नए कोच आ गए, और मुझे उस पूरे सीजन एक भी मैच खेलने को नहीं मिला।"

मोईन अली ने भी किया था खुलासा

इससे पहले इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर मोईन अली ने भी स्पोर्ट्स तक को दिए इंटरव्यू में पार्थिव पटेल को कप्तान बनाए जाने की चर्चा का जिक्र किया था।मोईन ने कहा था, "आखिरी साल जब गैरी कर्स्टन वहां थे, पहले साल के बाद, मेरा मानना है कि पार्थिव कप्तान बनने की लाइन में थे। उनका क्रिकेटिंग ब्रेन शानदार था। उस समय यही बात हो रही थी। मुझे नहीं पता कि क्या हुआ या यह क्यों नहीं हो पाया, लेकिन मुझे यकीन है कि उन्हें इस भूमिका के लिए गंभीरता से विचार किया गया था।"

विराट ने कब की टीम की कप्तानी

गौरतलब है कि विराट कोहली को साल 2013 में आरसीबी का कप्तान बनाया गया था। इसके बाद उन्होंने साल 2021 तक टीम की कप्तानी की। उनके हटने के बाद फाफ डु प्लेसिस को कमान मिली। वहीं रजत पाटीदार ने 2025 में RCB को पहला IPL खिताब दिलवाया। इसके बाद रजत पाटीदार की ही कप्तानी में बेंगलुरु फ्रेंचाइजी ने 2026 में अपने टाइटल को सफलतापूर्वक डिफेंड भी किया। जबकि विराट की कप्तानी में टीम साल 2016 में फाइनल में पहुंची थी, जहां उसे सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article