देश

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन पर सात दिन में 27 FIR दर्ज, जानें किन चार धाराओं का सबसे ज्यादा इस्तेमाल?

Delhi Police: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों के दौरान पिछले सात दिनों में दिल्ली पुलिस ने कुल 27 FIR दर्ज की हैं। इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की चार धाराओं का सबसे अधिक इस्तेमाल किया गया है।

Image

CEC विरोध प्रदर्शनों पर दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Delhi Police: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों को लेकर दिल्ली पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पिछले सात दिनों के भीतर राजधानी में कुल 27 एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस द्वारा जुटाए गए आंकड़ों के मुताबिक, इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की चार प्रमुख धाराओं का सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया गया है, जो प्रदर्शन के दौरान नियमों के उल्लंघन और कानून व्यवस्था बिगाड़ने से जुड़ी हैं।

संकलित आंकड़ों के अनुसार, कुल 27 में से 22 एफआईआर में BNS की धारा 3(5) लगाई गई है, जो साझा इरादे से किए गए अपराध की जिम्मेदारी तय करती है। इसके अलावा, 18 मामलों में लोक सेवक के आदेश की अवहेलना से जुड़ी धारा 223(a) जोड़ी गई है। वहीं, सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में धारा 221 और पुलिसकर्मियों पर हमले या ड्यूटी से रोकने से जुड़ी धारा 132 को 17-17 एफआईआर में शामिल किया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड में अन्य कई गंभीर धाराएं शामिल

इन सबके अलावा, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या उसे विकृत करने के मामले में PDPP/DPDP कानून की धारा 3 के तहत भी 9 एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस रिकॉर्ड में अन्य कई गंभीर धाराएं भी शामिल हैं। इनमें लोक सेवक को चोट पहुंचाने से जुड़ी धारा 121, जानबूझकर चोट पहुंचाने वाली धारा 115(2), रास्ता रोकने से संबंधित धारा 126(2) और गलत तरीके से बंधक बनाने या आवाजाही रोकने की धारा 127(2) प्रमुख हैं।

प्रदर्शनों के दौरान नियमों को तोड़ने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर नजर

इसके अलावा महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़ी धाराएं और खतरनाक हथियारों से चोट पहुंचाने से जुड़ी धारा 118(1) भी कुछ मामलों में लगाई गई हैं। यह कार्रवाई साफ दिखाती है कि प्रदर्शनों के दौरान नियमों को तोड़ने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर पुलिस बेहद सख्त रुख अपना रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article