स्पोर्ट्स

शूटिंग वर्ल्ड कप में भारतीय टीम को लीड करेंगे ओलंपिक मेडलिस्ट स्वप्निल कुसाले और सरबजोत सिंह

ISSF World Cup Cairo: पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस स्पर्धा में स्वप्निल कुसाले के साथ अखिल श्योराण और एड्रियन करमाकर भारतीय चुनौती पेश करेंगे। वहीं ओलंपियन अर्जुन बबूता पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम की अगुवाई करेंगे।

Image

शूटिंग वर्ल्ड कप (फोटो साभार- X)

ISSF World Cup Cairo: ओलंपिक कांस्य पदक विजेता स्वप्निल कुसाले और सरबजोत सिंह शनिवार से काहिरा में शुरू होने वाले आईएसएसएफ राइफल-पिस्टल विश्व कप में 24 सदस्यीय भारतीय निशानेबाजी दल की अगुवाई करेंगे। भारतीय टीम देहरादून में एक से सात अक्टूबर तक राष्ट्रीय ट्रेनिंग शिविर में हिस्सा लेने के बाद काहिरा पहुंच गई है। भारत इस विश्व कप में आठ व्यक्तिगत ओलंपिक स्पर्धाओं और दो मिश्रित टीम स्पर्धाओं में हिस्सा लेगा। इस बार भारतीय दल में अनुभवी ओलंपियन के साथ उभरते हुए युवा निशानेबाजों का शानदार संगम देखने को मिलेगा।

भारत की 24 सदस्यीय शूटिंग टीम रवाना

पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस स्पर्धा में स्वप्निल कुसाले के साथ अखिल श्योराण और एड्रियन करमाकर भारतीय चुनौती पेश करेंगे। वहीं ओलंपियन अर्जुन बबूता पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम की अगुवाई करेंगे। बबूता ने नई दिल्ली में आयोजित 2026 एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। उनके साथ बधिर ओलंपिक चैंपियन धनुष श्रीकांत और पार्थ मखीजा भी शामिल होंगे। महिलाओं की राइफल स्पर्धाओं में दो बार की ओलंपियन अंजुम मौदगिल 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस टीम का नेतृत्व करेंगी, जिसमें आयुषी पोद्दार और मानिनी कौशिक भी शामिल हैं।

ब्यूनस आयर्स विश्व कप में रजत पदक जीतने वाली उभरती निशानेबाज आर्या राजेश बोर्से महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में ख्याति चौधरी और इस्मिता भोवाल के साथ हिस्सा लेंगी। पुरुषों की पिस्टल स्पर्धा में पेरिस ओलंपिक 2024 के कांस्य पदक विजेता सरबजोत सिंह 10 मीटर एयर पिस्टल टीम की अगुवाई करेंगे। उनके साथ अजेंद्र सिंह चौहान और उदयवीर सिद्धू भी प्रतिस्पर्धा करेंगे। विजयवीर सिद्धू 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में सूरज शर्मा और अंकुर गोयल के साथ भारतीय चुनौती का नेतृत्व करेंगे।

महिलाओं की टीम में एशियन चैंपियन पलक भी

महिलाओं की पिस्टल टीम में एशियाई खेलों की चैंपियन पलक शामिल हैं, जो 10 मीटर एयर पिस्टल में मुस्कान और सुरभि राव के साथ निशाना साधेंगी। ओलंपियन रिदम सांगवान, पूर्व विश्व कप स्वर्ण पदक विजेता चिंकी यादव और दिव्या टीएस महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। पहले दिन 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धाओं के फाइनल खेले जाएंगे। पिस्टल में अजेंद्र-पलक और उदयवीर-मुस्कान की जोड़ी, जबकि राइफल में पार्थ-आर्या और धनुष-ख्याति की जोड़ी उतरेगी। सभी व्यक्तिगत फाइनल 15 अक्टूबर तक चलेंगे।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article